महासमुन्द

हिदायतुल्लाह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री लेने वाले रजत लेंगे दीक्षा
05-Jan-2022 6:20 PM
हिदायतुल्लाह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री लेने वाले रजत लेंगे दीक्षा

28 साल पहले महासमुंद की बेटी ज्योति ने ली थीं दीक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 5 जनवरी। महासमुंद महावीर कॉलोनी निवासी रजत चोपड़ा 19 से 23 जनवरी के बीच सांसारिक जीवन त्यागकर दीक्षा ग्रहण करेंगे।

मालूम हो कि वर्ष 1993 में महासमुंद की बेटी ज्योति लुनिया दीक्षा लेकर व साध्वी प्रियदर्शिता बनीं थीं और अब 28 साल बाद 26 वर्षीय युवा रजत चोपड़ा वैराग्य लेने जा रहे हैं। रजत चोपड़ा के मुताबिक सांसारिक जीवन त्यागने का विचार उनके मन में महज 16 साल की उम्र से आ गया था। स्वजनों को तब उन्होंने बताया तो वे अचानक सहमत नहीं हुए थे।

हिदायतुल्लाह नेशनल ला यूनिवर्सिटी रायपुर से कानून की डिग्री लेने वाले रजत चोपड़ा कहते हैं-मैं रायपुर में अपनी पढ़ाई के साथ महराज साहब के संगत में समय बिताता था। अब से दो वर्ष पूर्व 2019 में परिवार वालों ने भी मेरी निर्णय पर सहमति दे दी। इसके बाद मन लगाकर पढ़ाई पूरी की। अब दीक्षा का समय तय हुआ है और आगामी 19 से 23 जनवरी को दीक्षा ग्रहण कर लूंगाा। मालूूम हो कि रजत महराज साहब सहित विशाल साधु-साध्वियों के सानिध्य में दीक्षा लेंगे। रजत चोपड़ा महासमुंद में संयुक्त परिवार में रहते हैं। वे चाहते हैं कि वे खुद को जानें, माया, मोह, क्रोध, घृणा से दूर रहें। यही चिंतन उन्हें दीक्षा के मार्ग की ओर ले गया। अब वे दीक्षा लेकर आत्म ज्ञान करेंगे।

उनका कहना है कि आज का युवा भटकाव की ओर है। दिखावा के आडंबर में है। संस्कार भूलता जा रहा है। वे आत्मचिंतन, आत्मबोध के बाद ही भटकाव में उलझी युवा पीढ़ी को मार्गदर्शन देंगे। उनका मानना है कि निज पर शासन फिर अनुशासन जरूरी है।


अन्य पोस्ट