महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 दिसंबर। स्वच्छ जिला, स्वस्थ्य जिला का अभियान महासमुंद कलेक्टर ने शुरू किया है। केवल मातहत अधिकारी कर्मचारी ही नहीं बल्कि कलेक्टर डोमन सिंह तक झाड़ू उठाने से गुरेज नहीं करते। उन्हें काम करता देख अन्य लोगों की गति बढ़ जाती है। शनिवार को शिक्षा विभाग के अमले ने कार्यालय परिसर में झाड़ू लगाई। कर्मचारी रंग लेकर दीवारों में जमे पान गुटखे की गंदगी साफ कर पोताई करते नजर आए। यही नहीं कार्यालय से जाला, सीलिंग, फेन, लाइट आदि पर भी जमी धूल की परत हटाई गई। इससे सरकारी अमले में उत्साह कि एकरूपता है।
कलेक्टर डोमन सिंह क्षेत्र के दौरे, निरीक्षण, लगातार बैठक लेकर प्रशासनिक व्यवस्था व जिम्मेदारी निभाने में आगे हैं। साथ ही उन्होंने कार्यालय की सफाई का नवाचार भी प्रयोग में लाया है। जिसका असर अब देखा जाने लगा है। विभिन्न सरकारी कार्यालयों में अधिकारी कर्मचारी जो कार्यालय की सफाई के लिए भृत्य या फर्राश पर आश्रित थे, अब खुद से कार्यालय की स्वच्छता में हाथ बंटाने लगे हैं। प्रत्येक शनिवार की सुबह विभिन्न कार्यालयों के साहब अपने अमले ले साथ हाथ में झाड़ू लेकर कार्यालय की सफाई में श्रमदान करने जुट रहे हैं। इससे कार्यालय साफ सुथरा नजर आने लगा है।
केवल सफाई ही नहीं कलेक्टर को मातहतों के स्वास्थ्य की भी चिंता है। इसलिए शासकीय अवकाश पडऩे वाले शनिवार को ब्लाक मुख्यालयों व जिला मुख्यालय में गुड मार्निंग महासमुंद का आयोजन सुबह सुबह किया जाता हैं। यहां आम नागरिक भी आते हैं। दो से तीन घंटे खेलकूद, मनोरंजन, जुंबा डांस, व्यायाम, संगीत आदि के कार्यक्रम होते हैं ताकि शहरवासियों के मन व शरीर स्वस्थ्य रहे।