महासमुन्द
.jpg)
जिले के 30 हजार 228 किसानों ने 9 लाख 73 हजार 600 क्विंटल धान की बिक्री
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 दिसंबर। जिले में 149 केंद्रों के जरिए समर्थन मूल्य में धान की खरीदी 1 दिसंबर से की जा रही है। एक सप्ताह के भीतर इन केंद्रों में 30 हजार 228 किसानों ने 9 लाख 73 हजार 600 क्विंटल धान की बिक्री की है। वहीं खास बात यह है कि सप्ताहभर बाद अब किसानों के खातों में धान बिक्री की राशि जमा होना शुरू हो गया है। जिन किसानों ने 1 दिसंबर से अब तक धान बेचा है, उन्हें 162 करोड़ रुपए की राशि खाते में प्रदान कर दी गई है। जमा किए गए किसानों की संख्या 26 हजार 666 है। वहीं जिन किसानों ने सहकारी समितियों से ऋ ण लिया था, उनका ऋ ण काटकर राशि जमा किया गया है।
धान बेचने में व्यस्त होने के कारण किसान बैंकों में राशि निकालने अभी नहीं पहुंचे हैं। बैंकों में सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं बैंकों में राशि वितरण को लेकर व्यवस्था की जा रही है। इस संबंध में जिला सहकारी बैंक नोडल अधिकारी एनएस ठाकुर ने बताया कि किसानों के खातों में राशि सामान्य 1940 व ग्रेड,1960 रुपए के हिसाब से खातों में जमा की जा रही है। अभी तक 26 हजार 666 किसानों के खातों में राशि जमा हो गई है। वहीं ऋ ण की राशि भी काटी जा रही है। जिन किसानों ने खेती-किसानी के लिए ऋ ण लिया है उन्हें समितियों द्वारा काटकर राशि का भुगतान किया जा रहा है। जिले के 12 बैंकों ने किसानों से 80 करोड़ रुपए की वसूली भी कर ली है। जिले के 12 बैंकों के माध्यम से 79 हजार किसानों ने 319 करोड़ रुपए का ऋ ण लिया है। इसमें से अभी तक सिर्फ 26 हजार 666 किसानों से ऋण की वसूली हो गई है। जिले भर के 1 लाख 50 हजार 345 पंजीकृत किसान 149 समितियों में अपना धान बेचेंगे। इस साल धान खरीदी का लक्ष्य 85 लाख क्विंटल का है।