महासमुन्द

तेंदूकोना ग्रामीण सहकारी समिति में यूरिया नहीं, प्रदर्शन
12-Aug-2021 4:58 PM
तेंदूकोना ग्रामीण सहकारी समिति में यूरिया नहीं, प्रदर्शन

ठोस आश्वासन के बाद माने किसान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 अगस्त।
बागबाहरा ब्लॉक के तेंदूकोना ग्रामीण सहकारी समिति में यूरिया पर्याप्त मात्रा में नहीं मिलने से सैकड़ों किसानों ने चक्काजाम किया। इसके साथ ही किसानों ने अघोषित बिजली कटौती व लो-वोल्टेज की समस्या को दूर करने की भी मांग की। करीब डेढ़ घंटे तक किसानों ने आंदोलन किया। सूचना मिलते ही पुलिस बल ने किसानों को समझाइश दी, लेकिन किसान नहीं मानें और ठोस आश्वासन देने की बात कही। दोपहर डेढ़ बजे समिति के अधिकारियों से ठोस आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने अपना आंदोलन वापस लिया।
ग्रामीण सेवा सहकारी समिति तेंदूकोना के व्यवस्थापक मनीराम साहू ने बताया कि पिछले डेढ़ महीने से केवल यूरिया खाद की किल्लत है। मांग की जा रही है, लेकिन समिति में खाद नहीं पहुंची है। 10 अगस्त को 500 बोरी यूरिया खाद आई। सुबह यूरिया आने की जानकारी मिलते ही 8 गांव के किसान खाद लेने समिति पहुंच गए थे। किसानों को पता चला कि केवल 500 बोरी यूरिया आई है तो वे बिफर गए और आंदोलन शुरू कर दिया।

किसानों ने पहले समिति का दरवाजा बंद कर दिया। सभी किसान सोसाइटी के सामने तेंदूकोना से पिथौरा जाने वाले मुख्य मार्ग में सुबह 11 बजे बैठ गए थे। तेंदूकोना सोसाइटी के अंतर्गत 8 गांव आते हैं। इन क्षेत्र के किसानों के लिए व्यवस्थापक ने जिला सहकारी समिति से 100 टन यूरिया की मांग की थी। पहले खेप 1120 कट्टा यूरिया खाद का भंडारण किया गया। इसके बाद लगातार मांग की जा रही थी, ल्किन भंडारण नहीं किया जा रहा था। 

मालूम हो कि इस समिति में तेंदूकोना, साल्हेभाठा, कलमीदादर, बांदूमुड़ा, डोकरपाली, टूरीझर, शिकारीपाली एवं भीखापाली आते हैं। यहां के किसानों ने ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही उठने की बात कही। इसके बाद दोपहर डेढ़ बजे जिला सहकारी बैंक बागबाहरा के सुपरवाइजर बीएल राणा व गोदाम प्रभारी नागेन्द्र शर्मा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को 13 अगस्त तक तेंदूकोना समिति में 4 ट्रक यूरिया खाद भंडारण करने का लिखित आश्वासन दिया।

अघोषित बिजली कटौती व लो वोल्टेज की समस्या पर भी किसानों ने चर्चा के लिए तेंदूकोना ब्लॉक के जेई से चर्चा करने की मांग की। इसके बाद जेई अरुण कुमार तिग्गा को मौके पर बुलाया गया। किसानों ने अपनी समस्या बताई। जिस पर जेई ने किसानों को कहा कि पंप व घरेलू कनेक्शन एक साथ है, इसलिए लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। 
फाल्ट आने के कारण बिजली बंद हो जाती है। जल्द ही इस व्यवस्था में सुधार लाया जाएगा।
 


अन्य पोस्ट