महासमुन्द

लिपिकों की वेतन विसंगति दूर करने की मांग को लेकर प्रदर्शन, ज्ञापन साौंपा
12-Aug-2021 4:46 PM
लिपिकों की वेतन विसंगति दूर करने की मांग को लेकर प्रदर्शन, ज्ञापन साौंपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 अगस्त।
छत्तीसगढ़ लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांतव्यापी आव्हान पर बुधवार को लिपिकों की वेतन विसंगति दूर करने की मांग को लेकर जिला संघ के नेतृत्व में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम पर डिप्टी कलेक्टर सीमा ठाकुर को तथा तहसील मुख्यालयों में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को ज्ञापन सौंपा गया है। कल जिला मुख्यालय में सभी विभागों के लिपिक भोजन अवकाश में डाइट कार्यालय के समक्ष एकत्रित हुए थे।

कर्मचारी वेतन विसंगति की मांग को लेकर शासन की उपेक्षापूर्ण रवैये के प्रति आक्रोश व्यक्त करते हुए नारेबाजी के साथ कलेक्टर कार्यालय की ओर अध्यक्ष शिवकुमार साहू, कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश चन्द्राकर, उपाध्यक्ष संदीप तिवारी, सचिव राजेश शर्मा, तहसील अध्यक्ष मुरली आगशे, संगठन सचिव केश राम सिन्हा कार्यालय सचिव रोहित ध्रुव, कर्मचारी नेता दिलीप तिवारी, आशुतोष जोशी के नेतृत्व में रैली निकालकर कलेटोरेट पहुंचे और नारेबाजी की।

अध्यक्ष ने बताया कि लिपिक कर्मचारी अपनी वेतन विसंगति के मांग को लेकर विगत 30 वर्षों से लड़ाई लड़ रहे हंै, आज उनका वेतन चतुर्थ श्रेणी, वाहन चालक आदि के दर के समकक्ष हो गया है। समान कार्य समान वेतन के आधार पर अन्य संवर्ग के कर्मचारी लिपिकों से अत्यधिक वेतन प्राप्त कर रहे हंै। 

भर्ती नियमों में कई संवर्ग के कर्मचारियों की शैक्षणिक योग्यता एक बराबर होने के बाद भी लिपिकों का वेतन तुलनात्मक रूप से निम्नतम है। शासन द्वारा बारम्बार वेतन विसंगति दूर करने का आश्वासन देकर छलावा किया जाता रहा है। इससे कर्मचारी जगत आक्रोशित है। शासन का ध्यान आकृष्ट कराने के लिए रैली निकालकर ज्ञापन सौंपा गया है।

कल ही छत्तीसगढ़ लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर तहसील बागबाहरा के सभी लिपिकों ने अपनी एक सूत्रीय मांग व वेतन विसंगति के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव छग के नाम अनुविभागीय अधिकारी बागबाहरा को ज्ञापन सौंपा है।
 


अन्य पोस्ट