महासमुन्द

चार महीने पहले बोकरामुड़ा कला स्कूल में 14 व्याख्याता थे
11-Aug-2021 4:32 PM
चार महीने पहले बोकरामुड़ा कला स्कूल में 14 व्याख्याता थे

पूरा स्कूल खाली हो गया तो पालक और जनप्रतिनिधि कलेक्टर मिले 

 सभी ने तबादला करा लिया, बचे केवल प्राचार्य 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11 अगस्त।
बागबाहरा विकासखंड के ग्राम बोकरामुड़ा कला का शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इन दिनों शिक्षकों-व्याख्याताओं की कमी से जूझ रहा है।
 इस विद्यालय में चार महीने पहले 14 व्याख्याता पदस्थ थे। अब इस स्कूल में एक भी व्याख्याता नहीं है। पूरा स्कूल खाली हो गया है। सभी व्याख्याताओं ने अपना-अपना स्थानांतरण करवा लिया है। कई व्याख्याताओं को विभाग ने संचालित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी स्कूल में प्रतिनियुक्ति दे दी है। इसके चलते अब स्कूल खाली हो गया है। बच्चों की पढ़ाई अधर में है। कक्षा दसवीं व बारहवीं के बच्चों की पढ़ाई फिलहाल नहीं हो पा रही है। प्राचार्य ही सभी बच्चों को पढ़ा रहे है। लिहाजा पालक व सरपंच परेशान हंै। 

मंगलवार को पालक अपने ग्राम पंचायत के सरपंच के साथ अपनी इसी समस्या को लेकर कलेक्टर से मुलाकात की और जल्द ही स्कूल में व्याख्याताओं की मांग की है। ग्राम बोकरामुड़ा कला के सरपंच मेहत्तर सिन्हा, जनपद सदस्य मंगलूनराम, ईश्वर ध्रुव, टेकलाल ने फोन पर बताया कि व्याख्याताओं और शिक्षकों की मांग को लेकर कलेक्टर से मुलाकात करने आए थे। 

सरपंच कहते हैं कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में व्याख्याता के 14 पद स्वीकृत हैं। यहां सभी पदों पर व्याख्याताओं की नियुक्ति पूर्व में थी, लेकिन वर्तमान में एक भी व्याख्याता नहीं है। मात्र प्राचार्य ही हैं। बाकी सभी व्याख्याताओं का स्थानांतरण अन्यत्र स्थान पर कर दिया गया है।

आवेदनकर्ताओं ने ज्ञापन में कलेक्टर को चेतावनी भी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर व्याख्याताओं की पदस्थापना नहीं हुई तो ऑनलाइन व ऑफलाइन पढ़ाई बंद करा दी जाएगी। पदस्थापना होने के बाद ही पढ़ाई शुरू होगी। ग्रामीण और पालक के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि स्थानांतरण का विरोध कर रहे हैं। 

 


अन्य पोस्ट