महासमुन्द

कांग्रेस घोषणा पत्र को लेकर एक लिस्ट बनाएं कौन-कौन सी घोषणाएं गंगाजल हाथ में लेकर नहीं की थी
10-Aug-2021 5:25 PM
कांग्रेस घोषणा पत्र को लेकर एक लिस्ट बनाएं कौन-कौन सी घोषणाएं गंगाजल हाथ में लेकर नहीं की थी

डॉ. रमन सिंह महासमुंद पहुंचे, कार्यकर्ताओं से मिले 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 अगस्त।
राज्य में जब से कांग्रेस की सरकार बनी है, तब से सभी विकास कार्य रुके हुए हैं। सरकार से विकास के संबंध में प्रश्न पूछें तो कहते हैं कि नरवा, गरवा, घुरवा, बारी, ओखर ले जादा नई जानौं संगवारी। कांग्रेस सरकार की यह योजना भी प्रमुख योजना थी। जिसका हाल भी बहुत बुरा है। उक्त बातें प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कही। वे सोमवार की शाम महासमुंद दौरे पर पहुंचे और जिला भाजपा कार्यालय में जिले के कार्यकर्ताओं से मिले। डॉ. सिंह कार्यकर्ताओं का परिचय लेते हुए बूथ को मजबूत करने, कांग्रेस सरकार की नाकामी और केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों को लोगों के बीच जाकर बताने के लिए प्रेरित किया

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने कांग्रेस के घोषणा पत्र पर कहा कि कांग्रेस ने सरकार में आने के लिए अपने घोषणा पत्र में बिजली के बिल हाफ करने की घोषणा की थी। लेकिन अब बिजली दर बढ़ाकर किसानों के जेब साफ  कर रही है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में अब तक 37 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लिया है। वहीं हमने अपने 15 साल के कार्यकाल में कुल 36 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लिया था। सरकार का बहुत पैसा कर्ज के ब्याज और राजस्व खर्च पर जा रहा है। इसी साल केंद्र सरकार द्वारा 7 लाख आवास के लिए राशि आई थी। इसकी 60 फीसदी राशि केंद्र देती है और 40 फीसदी राशि राज्य सरकार देती है, लेकिन उनके पास इतनी राशि ही नहीं है।

कांग्रेस के घोषणा पत्र में शामिल शराबबंदी व गंगाजल लेकर प्रण लेने के संबंध में उन्होंने कहा कि हमने अभी हाल ही में विधानसभा में इसे लेकर सवाल किया तो मंत्री अकबर ने जवाब दिया कि हमने शराबबंदी के लिए गंगाजल लेकर संकल्प नहीं लिया है। तो हमने भी कहा कि आप अपने घोषणा पत्र को लेकर एक लिस्ट बनाएं कि कौन-कौन सी घोषणाएं आपने गंगाजल हाथ में लेकर नहीं की थी। 
 


अन्य पोस्ट