ताजा खबर

बांके बिहारी की शरण में प्रियंका, किया मंदिर का देहरी पूजन
23-Feb-2021 5:43 PM
बांके बिहारी की शरण में प्रियंका, किया मंदिर का देहरी पूजन

आगरा, 23 फरवरी (जागरण)। मथुरा में हो रही कांग्रेस की किसान पंचायत को संबोधित करने के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तरप्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा पहुंच चुकी हैं। पंचायत में पहुंचने के कुछ ही देर बाद प्रियंका ने अपना भाषण शुरू कर दिया है। बिहारीजी और राधे रानी के जयकारे के साथ प्रियंका ने अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि ये उनका सौभाग्य है कि वो आज पवित्र धरती पर खड़ी हैं। किसान आंदोलन पर प्रियंका ने कहा कि लाखों किसानों ने अपने बेटों को सीमा पर शहीद होने भेजा है। 

90 दिनों से अपने हक की लड़ाई किसान लगातार लड़ रहे हैं। सरकार ने प्रताडि़त किया लेकिन बात नहीं सुनी। न किसानों से बात करने आए और न ही किसी को भेजा। जब नेता का अहंकार बढ़ जाता है तो वो जनता से अलग हो जाता है। इनका विवेक मर गया है। भगवान कृष्ण इनका अहंकार तोड़ेंगे। जिस सरकार ने किसानों से तमाम वादे किये थे उसके लिए आपने कुछ नहीं किया। गन्ना किसानों का बकाया 15 हजार रुपये है। पीएम ने दो हवाइ जहाज अपने लिये खरीदें हैं। उनकी कीमत 16000 करोड़ है। पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। 

प्रियंका ने आगे कहा कि जैसे ही इनकी नीति निर्णय पर सवाल उठता है, एकदम पीछे होते हैं और जिम्मेदारी नहीं लेते। दूसरी सरकारों पर डालते हैं। पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ाये तो पिछली सरकारों को दोष देते हैं। पूरे देश को बेच दिया। अगर पिछली सरकारें न बनातीं तो आप बेचते क्या। मोदी जी की सबसे बड़ी उपलब्धि यही है बड़ी निष्ठा से खरबपति मित्रों को मजबूत बनाया है। आज देश देख रहा है किसान संघर्ष कर रहा है। किसानों जब तक आप लड़ते रहोगे तब तक मैं लड़ती रहूंगी। मेरी सरकार आते ही इन कानूनों को सबसे पहले रोक दिया जाएगा। इस सरकार को खत्म करने के लिए मैं संघर्ष करूंगी। शहीद किसानों के लिए दो मिनट का मौन रखवाया गया। इसके बाद प्रियंका बिहारी जी के दर्शन के लिए रवाना हो गईं।  

 


अन्य पोस्ट