ताजा खबर

विवाद पर पत्नी की हत्या, आरोपी पहुंचा थाना
12-Dec-2020 4:17 PM
विवाद पर पत्नी की हत्या, आरोपी पहुंचा थाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 12 दिसंबर।
पति ने अपनी पत्नी को सिर्फ इसलिए जान से मार डाला क्योंकि वह अपने पिता से सडक़ पर बात कर रही थी और वह नहीं चाहता था उसकी पत्नी ससुर से बात करें। आरोपी पति घटना के बाद थाने पहुंचा और घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना कोतबा पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कर्रा बेवरा के सरनापारा की है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 3 बजे स्थानीय निवासी आरोपी फिरू राम नागवंशी (48) को जानकारी मिली कि उसका ससुर उसकी पत्नी को सडक़ में बुलाकर उसके साथ बातचीत कर रहा है। फिरू राम का अपनी पत्नी बुधनी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। जिसके कारण पत्नी पास के ही दूसरे घर में रहती थी। जब बुधनी के पिता उससे बात करने सडक़ पर पहुंचे तो आरोपी पति फिरू राम जाकर विवाद करने लगा और कहने लगा कि तुम्हें बात करना है तो घर में जाकर बात करो, सडक़ पर क्यों बात कर रहे हो। 

विवाद देखकर बुधनी बाई के पिता अपने गांव लौट गए। जिसके बाद सडक़ से ही आरोपी पति अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने लगा और लात घूसों से पिटाई करते हुए घर ले आया। सबसे पहले उसने गला दबाकर मारने की कोशिश की, जिसके बाद उसने दीवार को गिरा दिया। इसी बीच पत्थर से ताबड़तोड़ वार करते हुए पत्नी का सर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
 
चौकी प्रभारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है।  


अन्य पोस्ट