ताजा खबर
'छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 10 नवंबर। छत्तीसगढ़ के मरवाही विधानसभा उप-चुनाव की मतगणना के अधिकारिक परिणाम बताते हैं कि कांग्रेस प्रत्याशी को मिले वोट प्रतिशत भाजपा उम्मीदवार से दुगने हैं। बाकी 6 उम्मीदवार अपनी जमानत खो चुके। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का प्रदर्शन पिछली बार से भी बुरा रहा। नोटा पर इस बार कम वोट पड़े।
अधिकारिक चुनाव परिणाम के अनुसार कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. के. के. ध्रुव ने 38 हजार 197 वोटों से जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 83561 मत मिले। भाजपा प्रत्याशी डॉ. गंभीर सिंह 45365 वोटों पर रह गये। बीते चुनाव में स्व. हीरासिंह मरकाम की पार्टी से रितु पेन्द्राम ने कांग्रेस के बाद चौथा स्थान हासिल किया था पर इस बार तीसरा स्थान मिल गया। हालांकि बीते चुनाव में उन्हें 10 हजार से अधिक वोट मिले थे पर इस बार 7 हजार 864 वोट ही मिले। इनके अलावा चुनाव मैदान में स्व. मरकाम से अलग होकर राष्ट्रीय गोंडवाना पार्टी से चुनाव लड़ने वाली उर्मिला मार्को को 2420 वोट मिले। भारतीय ट्राइबल पार्टी के बीर सिंह नागेश ने 2 हजार 153 वोट लिये और निर्दलीय प्रत्याशी सोनमति सलाम ने 2 हजार 114 वोट हासिल किये।
इनके अतिरिक्त मैदान में पुष्पा कोर्चे ने 845 और लक्ष्मण पोर्ते ‘अमित’ ने 858 वोट हासिल किये।
इनमें से कोई नहीं, नोटा मतों की संख्या 3 हजार 787 रही। यह सन् 2018 के चुनाव में नोटा पर डाले गये 4500 मतों से कम है।
सिर्फ रितु पेन्द्राम ही ऐसी प्रत्याशी हैं जिन्हें इस चुनाव में 5.28 प्रतिशत मत मिले, बाकी सभी प्रत्याशियों का मत दो प्रतिशत से कम रहा।
कुल मतों के 6 प्रतिशत से कम वोट हासिल करने के चलते भाजपा को छोड़कर शेष सभी 6 उम्मीदवारों की जमानत राशि जब्त कर ली जायेगी।


