ताजा खबर

न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 1 दिसंबर से शुरू होगी सरकारी धान खरीदी
02-Nov-2020 5:16 PM
न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 1 दिसंबर से शुरू होगी सरकारी धान खरीदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 नवंबर। प्रदेश में धान खरीदी एक दिसंबर से शुरू होगी। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाएगी। इस बार भी प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान खरीदी होगी। यह फैसला कैबिनेट उपसमिति की बैठक में लिया गया है।

उप समिति की बैठक खाद्य मंत्री अमरजीत भगत की अध्यक्षता में हुई। बैठक के बाद ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर ने बताया कि धान खरीदी की व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। धान खरीदी 1 दिसंबर से ही होगी, और प्राथमिक सहकारी समितियों के माध्यम से धान खरीदी की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाएगी।

अकबर ने यह भी बताया कि बारदाने की व्यवस्था कर ली गई है। पीडीएस के बारदानों के अलावा मिलरों से भी बारदाने लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जूट कमिश्नर से भी बारदाने मिलेंगे। साथ ही साथ प्लाटिक के बारदानों का भी उपयोग किया जाएगा। कुल मिलाकर इस बार बारदाने की कमी नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि धान खरीदी के लिए आवश्यक धन राशि की व्यवस्था पहले से ही है। पहले भी कभी भुगतान में रूकावट नहीं आई थी।

उल्लेखनीय है कि इस बार कोलकाता की जूट मिलों के बंद होने के कारण बारदाने का संकट पैदा हो गया था। इसके चलते वैकल्पिक इंतजाम किए गए हैं। इस बार भी 85 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी होगी। धान खरीद एक दिसंबर से शुरू होकर 31 जनवरी तक चलेगी। 15 फरवरी तक लिकिंग के माध्यम से धान लिया जा सकेगा।


अन्य पोस्ट