ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजपुर, 14 जनवरी। बलरामपुर जिले में आज तातापानी महोत्सव देखने जा रहे ग्रामीणों से भरी एक बोलेरो ग्राम अलगडीहा के समीप अनियंत्रित होकर पुल से 15 फीट नीचे जा गिरी। इस दुर्घटना में बोलेरो में सवार पांच लोगों को गंभीर चोट आने पर राजपुर स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
घटना बुधवार को समय करीब 2.30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 343 की है। बलरामपुर जिले के तातापानी में मकर संक्रांति के अवसर पर तातापानी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है इस आयोजन में शामिल होने के लिए जशपुर जिले के ग्राम बगीचा से बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 14 एमयू 1229 में सात लोग सवार होकर तातापानी महोत्सव देखने के लिए जा रहे थे। जैसे ही बोलेरो राष्ट्रीय राजमार्ग 343 में भेड़ाघाट के आगे महान नदी व भेड़ाघाट के बीच पडऩे वाले पुल के समीप पहुंची, अनियंत्रित होकर पुल से 15 फीट नीचे जा गिरी।
घटना के बाद जानकारी लगते ही राजपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बोलेरो वाहन में सवार पांच लोगों भीम पिता प्रभु दयाल पंडरापानी रामानुजनगर जिला सूरजपुर, राहुल यादव पिता वैधराज ग्राम पंडरापाठ बगीचा, अंकुश यादव पिता विमल यादव खैरा पाठ, विवेक यादव पिता रामाधार यादव निवासी बगीचा, संतोष पिता कमल प्रसाद निवासी खैरापाठ को संजीवनी के मदद से राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा दिया है।
पुलिस ने बताया कि वाहन में लगभग 7 लोग सवार थे, जिसमें से पांच लोगों को गंभीर चोटें आने पर संजीवनी 108 की मदद से राजपुर स्वास्थ्य केंद्र भिजवा दिया गया है, दो लोगों का पता नहीं चल पाया है, उनकी तलाश जारी है। घटना में घायल तीन लोग विवेक यादव, अंकुश यादव एवं भीम को गंभीर चोट आने पर अंबिकापुर भेज दिया गया है।




