ताजा खबर
10 के बाद निकलेगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 अक्टूबर। कृषि कानूनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की किसान मार्च निकालने की तैयारी है। पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी खुद ट्रैक्टर में बैठकर यात्रा में शामिल होंगे। किसान मार्च की तिथि अभी तय नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि 10 अक्टूबर के बाद किसान मार्च के आयोजन की तैयारी है।
पार्टी के एक बड़े नेता ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में बताया कि पंजाब में तीन दिन पहले कृषि कानूनों के खिलाफ खेती बचाओ यात्रा में राहुल गांधी शामिल हुए थे। यह यात्रा पहले छत्तीसगढ़ में निकलने वाली थी, लेकिन बाद में पंजाब का कार्यक्रम पहले तय हो गया। यहां भी किसान मार्च में राहुल गांधी ट्रैक्टर में बैठकर ग्रामीण इलाकों से निकलेंगे।
यात्रा की तिथि और रूट अभी तय नहीं हुई है। सूत्रों के मुताबिक कुछ मार्ग प्रस्तावित किए गए हैं, जिसमें धमतरी से रायपुर, राजिम से रायपुर सहित कुछ और मार्ग हैं। यहां बड़ी आबादी के आय का साधन खेती है। इस यात्रा के जरिए केन्द्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा। पार्टी और सरकार के अंदरखाने में किसान मार्च की तैयारियों पर चर्चा चल रही है। कोरोना काल में इस यात्रा को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ कैसे सफल बनाया जाए, इसको लेकर मंत्रणा चल रही है। माना जा रहा है कि 10 अक्टूबर के बाद राहुल गांधी यहां आ सकते हैं।
छत्तीसगढ़ सरकार ने पहले ही कृषि कानूनों का विरोध किया है, और इसके खिलाफ विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की तैयारी है। इसमें खेती को संरक्षण देने के लिए कानून को मंजूरी दी जा सकती है। इसकी तैयारी चल रही है। केन्द्र सरकार के कानूनों के खिलाफ कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इसका पूरजोर विरोध कर रही है, और जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। कानून के बहाने किसान समुदाय को अपने पक्ष में करने की रणनीति भी है। दूसरी तरफ, कानून के समर्थन में भाजपा के नेता लगातार प्रेस कॉफ्रेंस कर रहे हैं। बहरहाल, आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति गरमा सकती है।


