ताजा खबर

नई कार्यकारिणी पर सरगुजा भाजपा में गुस्सा फूटा, मेजर अनिल सिंह ने बैठक में कहा- नई टीम से रिजल्ट की उम्मीद न रखें
04-Oct-2020 7:02 PM
नई कार्यकारिणी पर सरगुजा भाजपा में गुस्सा फूटा, मेजर अनिल सिंह ने बैठक में कहा- नई टीम से रिजल्ट की उम्मीद न रखें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 4 अक्टूबर।
भाजपा के संभागीय सम्मेलन में रविवार को प्रदेश की नई कार्यकारिणी को लेकर पार्टी नेताओं का गुस्सा फूट पड़ा। हस्तशिल्प बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष और सीनियर नेता मेजर अनिल सिंह ने तो साफतौर पर कह दिया कि इस कार्यकारिणी से किसी तरह की उम्मीद नहीं रखना चाहिए।

मेजर ने आगे कहा कि नई कार्यकारिणी से वे बिल्कुल खुश नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दो कैबिनेट बनाए हैं। चार नेताओं को मंत्री का दर्जा दिया है। संगठन में भी सरगुजा को पर्याप्त महत्व दिया है। मगर भाजपा ने उपेक्षा की है।

मेजर अनिल सिंह ने आगे कहा कि अनुराग सिंहदेव को प्रवक्ता बनाया गया है। प्रवक्ता कोई पद नहीं होता। ऐसा होता तो उन्हें कार्य समिति का सदस्य नहीं बनाया जाता। जबकि अनुराग सिंहदेव को महामंत्री बनाए जाने की उम्मीद थी। मुझे भी विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में रखा गया है। जबकि विशेष आमंत्रित सदस्य को चाहें तो बैठक में न बुलाए। उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के सामने प्रदेश के नेताओं की मौजूदगी में रमन सरकार में नौकरशाही के हावी होने और इससेे नुकसान होने की आशंका जताई थी। इसकी कीमत वे आज भी चुका रहे हैं। मगर उन्हें इसकी परवाह नहीं है। वे आगे भी अपनी बात पूरी दमदारी से रखेंगे।

बैठक में पूरे संभाग के पार्टी के छोटे-बड़े नेता मौजूद थे।


अन्य पोस्ट