ताजा खबर
भाजपा में चुनाव समिति की बैठक जल्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 सितंबर। मरवाही में कांग्रेस प्रत्याशी के चयन के लिए पहली बार मतदान की प्रक्रिया अपनाई गई है। बताया गया कि बूथ कार्यकर्ताओं से बंद लिफाफे में सुझाव लिए गए हैं। चुनाव तिथि की घोषणा के बाद लिफाफे खोले जाएंगे और जिस दावेदार के पक्ष में सबसे ज्यादा कार्यकर्ता होंगे, उन्हें ही प्रत्याशी घोषित करने की अनुशंसा की जाएगी। इससे परे भाजपा में प्रत्याशी का नाम चुनाव समिति की बैठक में तय किया जाएगा।
मरवाही विधानसभा उपचुनाव की घोषणा 30 सितंबर या फिर एक अक्टूबर को हो सकती है। यह सीट जोगी पार्टी के कब्जे में रही है, लिहाजा जोगी पार्टी कब्जा बरकरार रखने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। यहां से दिवंगत पूर्व सीएम अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी को जोगी पार्टी ने प्रत्याशी तय कर दिया है। दूसरी तरफ, कांग्रेस में प्रत्याशी चयन पर काफी मंथन हो रहा है।
बताया गया कि पहली बार बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से राय सुमारी की गई थी। मरवाही में करीब पौने 3 सौ बूथ हैं। सूत्र बताते हैं कि हरेक बूथ के तीन-तीन कार्यकर्ताओं से लिखित में नाम लिए गए हैं। बंद लिफाफे को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की मौजूदगी में खोला जाएगा। जिसके पक्ष में ज्यादा नाम होंगे, उन्हें ही प्रत्याशी बनाने की अनुशंसा पार्टी हाईकमान से की जाएगी। चर्चा है कि पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजीत श्याम, बीएमओ डॉ. केके ध्रुव और जिला पंचायत सदस्य शुभम पेंद्रो में से नाम तय होने की उम्मीद है।
कहा जा रहा है कि स्थानीय कार्यकर्ता इन तीनों में से ही प्रत्याशी तय करने पर जोर दे रहे हैं। हालांकि पराजित प्रत्याशी गुलाब सिंह राज के अलावा कई और दावेदार हैं। इससे परे भाजपा में जिला पदाधिकारियों की नाम के आधार पर पैनल तैयार किए जाएंगे। यहां के चुनाव संचालक पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल हैं। लिहाजा प्रत्याशी चयन में अमर की राय को महत्व दिया जाएगा।
माना जा रहा है कि दो-तीन अक्टूबर को प्रदेश भाजपा के चुनाव समिति की बैठक होगी। इसमें नाम छांटकर पार्टी हाईकमान को भेजा जाएगा। सूत्र बताते हैं कि पार्टी पूर्व जिला पंचायत सदस्य समीरा पैकरा, पराजित प्रत्याशी अर्चना पोर्ते के अलावा पूर्व विधायक रामदयाल उइके में से ही नाम तय कर सकती है। कहा जा रहा है कि फर्जी जाति प्रमाण पत्र प्रकरण में अमित जोगी उलझ जाते हैं, तो भाजपा यहां नया प्रत्याशी उतारकर चौंका सकती है। बहरहाल, मरवाही में चुनावी माहौल गरम हो गया है।


