ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 22 नवंबर। शिवतराई रोड स्थित सरैया गांव में मिले युवक के जले हुए शव की पहचान चौथे दिन भी नहीं हो सकी है। पुलिस को आशंका है कि शव मुंगेली से लापता 33 वर्षीय मिथिलेश वर्मा का हो सकता है, लेकिन परिजनों ने इस संभावना से इनकार किया है। अब पुलिस डीएनए जांच के जरिए शव की पहचान कराने की तैयारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से बाइक और रियलमी कंपनी के ईयरबड्स मिले हैं। इन्हें लापता मिथिलेश वर्मा से जोड़कर देखा जा रहा है। मिथिलेश मुंगेली में कियोस्क संचालित करता था।
शव 90 फीसदी से अधिक जल चुका है। इस कारण परिजन उसकी पहचान करने को तैयार नहीं हैं। पुलिस ने परिवार के सदस्यों को घटनास्थल से मिले सामान की जानकारी भी दी है।
शव की हालत को देखते हुए पुलिस अब डीएनए परीक्षण कराएगी। फॉरेंसिक टीम को शव से कुछ हड्डियां सुरक्षित मिली हैं। इनसे नियमानुसार नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। दूसरी ओर, लापता मिथिलेश के परिजनों के रक्त के नमूने भी लिए जाएंगे, ताकि दोनों का मिलान किया जा सके।
परिजनों के आने की उम्मीद में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया 48 घंटे तक टाल दी गई थी। अब पुलिस पोस्टमार्टम और डीएनए जांच की तैयारी कर रही है।
फॉरेंसिक टीम को मौके से जीआई तार, पेचकस, जले हुए मोबाइल की स्क्रीन, ईयरबड, बाइक, पानी की बोतल और आधा गिलास पानी वाला डिस्पोजेबल कप मिला है। बारिश के कारण पैरों के निशान और गंध से जुड़े साक्ष्य प्रभावित हुए हैं।
पुलिस पुराने विवाद, प्रेम प्रसंग और जमीन संबंधी विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय और एसीसीयू प्रभारी एवं सीएसपी (क्राइम) सुदीप सरकार के नेतृत्व में जांच चल रही है। तकनीकी टीम ग्रामीण इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एक फुटेज में पुलिस को मृतक के रूप में संदिग्ध रूप से मिथिलेश की गतिविधियां दिखाई देने की बात सामने आई है। अब उसके आने-जाने के रास्तों का पता लगाया जा रहा है।