ताजा खबर
सहारनपुर में पुलिसवालों ने ग़लती से एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ़ ऑनर दे दिया.
शनिवार को ओवैसी जैसे ही सर्किट हाउस पहुंचे, पुलिसकर्मियों ने उन्हें सलामी दी. एआईएमआईएम चीफ़ ने खड़े होकर सलामी ली. इसके बाद वे वहां से निकल गए.
दरअसल, बताया जा रहा है कि सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के एक जज को पहुंचना था. उनके लिए गार्ड ऑफ़ ऑनर की तैयारी थी, लेकिन उनसे पहले ओवैसी वहां पहुंच गए. पुलिसकर्मियों ने ग़लती से उन्हें ही सलामी दे दी.
यूपी से संवाददाता प्रेरणा ने इस बात की पुष्टि की है कि इस मामले में सहारनपुर के एसपी पाठक ने जांच के आदेश दिए हैं.
शनिवार को सर्किट हाउस में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) प्रमुख चंद्रशेखर 11 बजे पहुंच गए थे. वो अंदर कमरे में बैठे हुए थे. क़रीब 20 मिनट बाद एआईएमआईएम चीफ़ ओवैसी पहुंचे.
उनके साथ सुरक्षाकर्मियों को देखकर पुलिस के जवान भी ग़लतफ़हमी में आ गए और उन्हें गार्ड ऑफ़ ऑनर दे दिया.
इसी के बाद ओवैसी और चंद्रशेखर की प्रेस कॉन्फ़्रेंस होनी थी, लेकिन उसे अचानक कैंसिल कर दिया गया. ओवैसी और चंद्रशेखर डीएम से मिलने कलेक्ट्रेट चले गए. (bbc.com/hindi)