ताजा खबर

सोशल मीडिया पर शानदार प्रदर्शन के लिए एसईसीएल को कोल इंडिया में मिला पहला पुरस्कार
22-Nov-2026 6:34 PM
सोशल मीडिया पर शानदार प्रदर्शन के लिए एसईसीएल को कोल इंडिया में मिला पहला पुरस्कार

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 22 नवंबर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) को कोल इंडिया के 52वें स्थापना दिवस समारोह में सोशल मीडिया पर उत्कृष्ट उपस्थिति के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि पर एसईसीएल के जनसंपर्क विभाग की पूरी टीम ने 20 नवंबर को बिलासपुर स्थित मुख्यालय में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास से मुलाकात कर उन्हें पुरस्कार की ट्रॉफी सौंपी।

इस अवसर पर निदेशक बिरंची दास ने जनसंपर्क विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कंपनी की उपलब्धियों, गतिविधियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आम लोगों तक पहुंचाने में जनसंपर्क और डिजिटल संचार की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने टीम से भविष्य में भी इसी समर्पण और नवाचार के साथ काम करने की अपेक्षा जताई।

कोलकाता में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में एसईसीएल को कुल सात पुरस्कार मिले। इनमें तीन कॉर्पोरेट और चार व्यक्तिगत पुरस्कार शामिल हैं। कॉर्पोरेट श्रेणी में सोशल मीडिया उपस्थिति के लिए प्रथम पुरस्कार मिला, जबकि पर्यावरण प्रबंधन और भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास के क्षेत्र में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।

सोशल मीडिया श्रेणी का यह पुरस्कार कंपनी की उपलब्धियों, खनन गतिविधियों, पर्यावरण संरक्षण, सीएसआर कार्यों और कर्मचारी कल्याण से जुड़ी योजनाओं को डिजिटल माध्यमों से रचनात्मक तरीके के लिए मिला है।


अन्य पोस्ट