ताजा खबर

काका दा ढाबा के बाहर आधी रात रबड़ी को लेकर गैंगवार
22-Nov-2026 1:17 PM
काका दा ढाबा के बाहर आधी रात रबड़ी को लेकर गैंगवार

युवक को बेल्ट से पीटा रायपुर, 22 नवम्बर। बीती देर रात आमानाका इलाके में काका दा ढाबा के सामने दर्जन भर से अधिक युवकों के दो गुट में मारपीट हुई । प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान पूरा माहौल गैंग वार जैसा था। वहीं घटना के बाद देर रात तक ढाबों के खुले रहने से पुलिस की रात्रिकालीन पेट्रोलिंग पर सवाल उठने लगे ढाबे में यहां खाना खाने आए एक युवक के साथ चार लोगों ने पर गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों में से एक ने बेल्ट निकालकर युवक के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने आमानाका थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित मूल रूप से जैतपुरी, कोंडागांव का रहने वाला है और अपने परिवार के साथ वहीं निवास करता है। वह ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता है। वाहन खरीदी के सिलसिले में वह रायपुर आया हुआ था और फिलहाल महोबा बाजार में रहने वाली अपनी बहन देवल शर्मा के घर पर ठहरा हुआ था। पुलिस को बताया कि 21 नवंबर 2026 की रात वह अपने दोस्त विकास चौधरी और राम प्रकाश झा के साथ खाना खाने काका दा ढाबा गया था। रात करीब 1:30 बजे तीनों खाना खाकर ढाबे से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान पीड़ित अपने लिए रबड़ी पार्सल करवा रहा था। रबड़ी का पार्सल लेने के दौरान वह अपने दोस्तों के साथ ढाबे के बाहर खड़ा था। इसके बाद जब वह दोबारा रबड़ी लेने अंदर जाने लगा, तो उसने अपने दोस्तों से ऊंची आवाज में पूछा कि कितनी रबड़ी लेकर आऊं। इसी बात को लेकर वहां खड़े चार लोगों के साथ उसका विवाद शुरू हो गया। ढाबे के पास खड़े चार लोगों में से एक ने पीड़ित को ढाबे का वेटर समझ लिया। उसने युवक को गाली देते हुए अपने लिए भी रबड़ी लाने को कहा। इस पर पीड़ित ने विरोध करते हुए कहा कि वह ढाबे का वेटर नहीं है और उसके साथ गाली-गलौज क्यों की जा रही है। आरोप है कि इतना सुनते ही वहां मौजूद चारों लोग भड़क गए और पीड़ित को गालियां देने लगे। युवक ने जब गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के मुताबिक, मारपीट के दौरान चारों आरोपियों में से एक ने अपनी बेल्ट निकाल ली और उसे घुमाकर युवक के सिर पर वार कर दिया। बेल्ट लगने से उसके सिर में चोट आई। अचानक हुई मारपीट के दौरान पीड़ित के दोस्त विकास चौधरी और राम प्रकाश झा ने बीच-बचाव किया। पुलिस में की गई शिकायत में बताया गया है कि आरोपी लगातार गाली-गलौज करते हुए धमकियां दे रहे थे। पीड़ित ने आरोप लगाया कि चारों युवकों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसे डराने-धमकाने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस पड़ताल कर रही है।

अन्य पोस्ट