ताजा खबर

जीवाश्म ईंधन को लेकर जलवायु सम्मेलन में वार्ता अटकी, अब आगे क्या होगा
22-Nov-2026 11:49 AM
जीवाश्म ईंधन को लेकर जलवायु सम्मेलन में वार्ता अटकी, अब आगे क्या होगा

-एस्मे स्टैलर्ड, सीनियर जलवायु और विज्ञान संवाददाता, अंताल्या, तुर्की

तुर्की में संयुक्त राष्ट्र के सीओपी31 (कॉन्फ़्रेंस ऑफ़ द पार्टीज़) जलवायु सम्मेलन में नए वैश्विक जलवायु समझौते पर देशों के बीच सहमति नहीं बन पाई है.

बीबीसी न्यूज़ के मुताबिक़, बातचीत तय समय से एक दिन ज़्यादा चलती रही, लेकिन कोई समझौता नहीं हो सका. इसके बाद वार्ता को रातभर के लिए रोक दिया गया.

यूरोपीय संघ (ईयू) और प्रशांत द्वीपों के कई देश समझौते के नए मसौदे से सहमत नहीं हैं. इस मसौदे में दुनिया की जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करने की बात शामिल नहीं है.

वार्ता में एक और बड़ा मुद्दा जलवायु परिवर्तन के असर से निपटने के लिए आर्थिक मदद का है.

अफ़्रीकी देशों का समूह चाहता है कि इस काम के लिए ज़्यादा आर्थिक मदद देने का वादा किया जाए. लेकिन यूरोपीय संघ पहले ही कह चुका है कि वह इस मांग का समर्थन नहीं करेगा.

रविवार सुबह अपने देश लौटने वाले कई वार्ता दलों ने अब अपनी उड़ानें सोमवार के लिए टाल दी हैं. इससे पता चलता है कि समझौते पर सहमति बनने में अभी और समय लग सकता है.

संयुक्त राष्ट्र की जलवायु वार्ता में किसी भी समझौते के लिए सभी देशों की सहमति ज़रूरी होती है. अगर देश सहमत नहीं हो पाए तो वार्ता रोकनी पड़ सकती है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट