ताजा खबर

पत्नियों को बेहोश कर उनसे सेक्स का न्यौता बांटने वाले पतियों की कहानी...
सुनील कुमार ने लिखा है
22-Nov-2026 3:45 PM
पत्नियों को बेहोश कर उनसे सेक्स का न्यौता बांटने वाले पतियों की कहानी...

लोगों को याद होगा कि पिछले बरस फ्रांस का एक ऐसा मामला सामने आया था जिसमें एक महिला का पति ही लोगों को इंटरनेट पर न्यौता देता था कि वे आकर उसकी बीवी के साथ सेक्स करें। उन लोगों का कहना था कि वे जब पहुंचते थे, तो यह पति उन्हें कहता था कि पत्नी बेहोश या नींद में होने का नाटक करना चाहती है, उसकी यही इच्छा है। ऐसा भी नहीं कि पहुंचने वाले मर्द कोई मासूम बच्चे थे, और इस बात पर आंख मूंदकर उन्हें भरोसा हो गया था, लेकिन जब यह मामला अदालत पहुंचा तो बेहोश की गई महिला के साथ बलात्कार करने वाले इन लोगों ने अपने बचाव में यही तर्क लिया था। पति सहित बहुत से लोगों को बड़ी सजा हुई थी, लेकिन अभी ब्रिटेन में उसी तरह का एक और मामला सामने आया है।

फ्रांस की उस पत्नी ने अदालती कार्रवाई के दौरान अपने नाम को छुपाने के हक को छोड़ दिया था, खुद होकर अपना नाम उजागर होने दिया था, और अदालती कार्रवाई के दौरान वह पूरे हौसले के साथ वहां मौजूद भी थी। अभी ब्रिटेन में सामने आए मामले में ऐसे ही शोषण की शिकार महिला ने खुद होकर अपना नाम उजागर होने दिया, और पति सहित दूसरे बलात्कारियों को सजा दिलवाई है। इस मामले में भी फ्रांस की तरह ही पति अपनी पत्नी को बेहोशी की दवा देकर सुला देता था, और फिर इंटरनेट पर पहले से तय किए गए अजनबियों को बुलाकर पत्नी से बलात्कार करवाता था, उसे देखकर उसका मजा लेता था, और उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी करता था। अभी अदालत से जिन लोगों को सजा हुई है, उनमें ट्रक ड्राइवर से लेकर ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय के परमाणु रक्षा प्रोजेक्ट के एक अधिकारी तक अलग-अलग किस्म के लोग थे। और इंटरनेट पर यौन हिंसा की चर्चाएं करने वाले समूहों के बीच से ऐसे लोगों को छांटा गया था। इंटरनेट पर इस काम के लिए पति ने इश्तहार दिया था, और आने वाले मर्दों में 32 से लेकर 62 साल तक के लोग थे। उन्हें कहा गया था कि यह महिला सोने का नाटक कर रही है, लेकिन अदालत ने यह माना कि यह मुमकिन नहीं है कि सेक्स के दौरान उन्हें सोने के नाटक और बेहोशी का फर्क समझ न आए।

अब इन दो मामलों में कानून के जानकारों से लेकर मनोचिकित्सकों, और मनोवैज्ञानिक विशेषज्ञों तक कई तरह के लोगों के बीच विचार-विमर्श चल रहा है कि कैसे इन विकसित देशों में कोई पुरूष अपनी पत्नी को अपनी संपत्ति मानकर उसका ऐसा बेजा इस्तेमाल कर सकता है, किस सीमा तक परपीडक़ हो सकता है। मनोविज्ञान की भाषा में दूसरों को तकलीफ पहुंचाकर आनंद पाने वाले लोग परपीडक़ होते हैं, और इन दो मामलों में इनके पति पत्नी के साथ हो रही यौन हिंसा, उसके साथ हो रहे बलात्कार से नयनसुख भी पा रहे थे। इस तरह की हिंसक मानसिक स्थिति के साथ-साथ आज इंटरनेट की दुनिया में जिस तरह की यौन हिंसा की चर्चा खुलकर होती है, और ऐसे बलात्कारों के लिए न्यौता दिया जाता है, लोग पहुंचते हैं, इन सबको देखकर जानकार लोग हक्का बक्का हैं।

ब्रिटेन के इस ताजा मामले में यह पति 13 साल तक अपनी पत्नी को नशीली दवा देकर बेहोश करते रहा, और पत्नी को संपत्ति मानकर उससे बलात्कार करवाकर सुख पाने का जुर्म करते रहा। इसने पहले पत्नी को बेहोश करके उससे बलात्कार के वीडियो बनाए थे, और फिर उनके माध्यम से ऑनलाईन प्लेटफॉर्म पर दूसरे मर्दों को न्यौता भेजा था।

एक पल के लिए फ्रांस की घटना पर लौटें, तो वहां यह सिलसिला 9 साल तक चला था, और पति के बनाए गए ऐसे बलात्कारी वीडियो में 83 अलग-अलग पुरूष दिखे थे, जिनमें से 51 की शिनाख्त हो सकी थी, और उन सभी को अदालत से कैद मिली थी। इन 9 बरसों में इस पति ने पत्नी से बलात्कार की दो सौ गंभीर घटनाएं करवाई थीं, और उनके 20 हजार से ज्यादा फोटो और वीडियो खींचकर संभालकर रखे थे।

इन दोनों ही घटनाओं को देखें, तो जानकारों को एक बहुत बड़ी आशंका यह है कि इनकी खबरों को देखकर ऐसी ही मानसिक स्थिति वाले कुछ और पति भी कुछ और जगहों पर ऐसा कर चुके होंगे, कर रहे होंगे, या आगे चलकर कर सकते हैं। ऐसे लोग इंटरनेट पर महिलाओं के साथ यौन ज्यादती, उनके यौन शोषण, उन्हें सामान की तरह इस्तेमाल करने की सोच का आनंद लेते, और कब यह सोच सच में बदल दी जाती है, इसका पता भी नहीं चलता। पश्चिम के देश अब इस बात को लेकर भी परेशान हैं कि सोशल मीडिया और इंटरनेट के दूसरे प्लेटफॉर्म पर जिस हद तक ऐसी हिंसक बातें होती हैं, उनके असर से लोगों को कैसे बचाया जाए? इन दोनों मामलों में एक बात एक सरीखी थी कि पत्नी की इच्छा, उसकी सहमति, और उसकी मानवीय गरिमा के खिलाफ जाकर पति उसे अपनी परपीड़ा के सामान की तरह इस्तेमाल करता है, यौन हिंसा के नयनसुख का नजारा जुटाता है, उसे रिकॉर्ड भी करता है ताकि बाद में भी वह उसका आनंद ले सके। दोनों ही मामलों में ये बातें तकरीबन एक सरीखी थीं। यौन परपीड़ा, यौन आनंद से अलग एक बात है। यौन आनंद के लिए कुछ लोग खुद बलात्कार कर सकते हैं, लेकिन यौन परपीड़ा के लिए किसी और को तकलीफ पहुंचाना भी जरूरी लगता है। फिर इससे जुड़ा हुआ मनोविज्ञान का एक दूसरा पहलू है कि दूसरों की यौन गतिविधियों को देखकर मिलने वाला नयनसुख। इन दोनों ही मामलों में यह पहलू भी काम करते दिख रहा है। इन दोनों ही मामलों में एक और बात एक सरीखी दिख रही है, अपनी पत्नी मालिकाना हक जताने की मानसिकता, और उसके बदन के साथ सबसे घटिया और बुरे दर्जे की हिंसा को भी अपना हक मान लेना। वह पत्नी के शरीर को अपनी कल्पनाएं पूरी करने के लिए अनजाने मर्दों के सामने परोसकर उसका मजा लेते रहता था, उसे रिकॉर्ड करते रहता था।

दुनिया के मनोवैज्ञानिकों के लिए ऐसी दिमागी हालत का विश्लेषण थोड़ा आसान हो सकता है बजाय ऐसी मानसिक सोच को कैसे रोका जाए उसका कोई जरिया ढूंढने के। एक बड़ा खतरा यह भी है कि इन दो मामलों में शायद सौ या सौ से अधिक ऐसे लोग शामिल हो गए थे, जिन्हें न्यौता दिया गया था। और इनमें से एक ने भी बाद में कोई संदेह जाहिर नहीं किया कि यह न्यौता गड़बड़ दिखता है, इसमें औरत अपनी मर्जी बताने की हालत में नहीं दिखती है। मतलब यह कि दो पतियों की दिमागी हालत तो हो सकता है कि कुछ असामान्य हो, लेकिन इसने न्यौते का मजा लूटने वाले लोगों में से एक भी ऐसे नहीं थे जिन्होंने इसके खिलाफ कुछ सोचा हो। मतलब यह कि मर्द बड़े पैमाने पर ऐसी नौबत का मजा लेने वाले ही रहे।

एक आखिरी बात यह भी सोचने की जरूरत है कि भारत जैसे देश में जहां पर महिलाओं को कुचलकर रखने, या कि उनके साथ बलात्कार जैसे यौन अपराध करने की बात कही जाती है, जिस तरह कई मुस्लिम देशों में महिलाओं को गुलाम की तरह रखा जाता है, उससे भी बुरा सुलूक सबसे विकसित योरप के इन दो विकसित लोकतंत्रों में सामने आया है जहां महिलाओं के अधिकार पुरूषों से कम नहीं माने जाते हैं। कहने के लिए इन दो मामलों को असामान्य मानसिक स्थिति वाले दो पुरूषों तक सीमित रखने की बात हो सकती है, लेकिन सच तो यह है कि इन दोनों में जिस बड़े पैमाने पर मजा करने के लिए मर्द पहुंच गए, और जुर्म में शामिल हो गए, उससे साफ होता है कि ये दो बीमार-मुजरिम सोच तक सीमित मामले नहीं थे। इन दो मामलों से परे भी, इन दो देशों से परे भी बाकी दुनिया को यह सोचना चाहिए कि उनके बीच ऐसे कैसे लोग हो सकते हैं जो कि महिलाओं के हक को दबाकर, कुचलकर, उन्हें सामान की तरह इस्तेमाल करके ऐसे जुर्म कर सकते हैं, या कुछ दूसरी किस्म के। खतरा तो हर उस जगह हो सकता है जहां इंसानी सोच कायम है।  (क्लिक करें : सुनील कुमार के ब्लॉग का हॉट लिंक) 


अन्य पोस्ट