ताजा खबर
फायरिंग की भी चर्चा, शहर में नाकेबंदी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 18 फरवरी। शहर के राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर सोमवार रात फिल्मी अंदाज़ में लूट की बड़ी वारदात हो गई। बदमाशों ने सराफा कारोबारी संतोष तिवारी की कार को घेरकर रोका, हथौड़े से सिर पर हमला किया और उनकी मरून रंग की रेनो कार लूटकर फरार हो गए। कार में सोने-चांदी के जेवर रखे थे, जिन्हें वे दुकान बंद करने के बाद रोज की तरह घर ले जा रहे थे। इलाके में फायरिंग की भी चर्चा है।
जानकारी के मुताबिक संतोष तिवारी, जो पहले पुलिस विभाग में कार्यरत रह चुके हैं, राजकिशोर नगर में महालक्ष्मी ज्वेलर्स नाम से दुकान चलाते हैं। रोज की तरह सोमवार रात करीब 9:45 बजे दुकान बंद कर घर के लिए निकले थे। जैसे ही वे महावीर सिटी के पास पहुंचे, नकाबपोश बदमाश बाइक और कार से आए और उनकी गाड़ी को चारों ओर से घेर लिया। आरोपियों ने जबरन उन्हें कार से बाहर निकाला और हथौड़े से सिर पर वार कर दिया। इस हमले में उन्हें गंभीर चोट आई।
घटना के दौरान बदमाशों ने राहगीरों को भी पिस्टल दिखाकर डराया। आसपास के लोगों का कहना है कि दो-तीन राउंड फायरिंग की आवाज भी सुनी गई।
हमले के बाद आरोपी कारोबारी की कार और उसमें रखे जेवरों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। सराफा कारोबारी पर हमला कर 3 करोड़ 35 लाख की लूट की गई है। लुटेरे उनकी कार समेत 2 किलो 200 ग्राम सोना, 3 लाख 50 हजार कैश सहित 3 करोड़ 35 लाख का माल लूटकर भाग गए।
घटनास्थल पर वे एक पैशन प्रो बाइक और एक इको कार छोड़ गए। पुलिस को मौके से पिस्टल की मैगजीन और जिंदा कारतूस भी मिले हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि आरोपी पूरी तैयारी से आए थे।
छोड़ी गई इको कार के पीछे चूने से नीलेश गोविंद लिखा मिला है। यह किसने लिखा, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। सूंघते हुए पुलिस डॉग ओम पैलेस होते हुए मोपका रोड स्थित चुन्नी सिंह तालाब तक पहुंचा। इससे अंदेशा है कि आरोपी लूटी गई कार से मोपका की ओर भागे।
वारदात की खबर मिलते ही आईजी राम गोपाल गर्ग मौके पर पहुंचे और अफसरों से जानकारी ली। एडिशनल एसपी पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह, सरकंडा टीआई प्रदीप आर्य सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
घटना के बाद पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी गई। जगह-जगह रातभर चेकिंग चल रही थी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की तलाश में विशेष टीम गठित कर दी गई है।
गंभीर रूप से घायल संतोष तिवारी को तुरंत प्रथम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उनके सिर में अंदरूनी रक्तस्राव (ब्रेन ब्लीड) हुआ है और एक हाथ भी टूट गया है। उन्हें ऑपरेशन थिएटर में रखा गया है। हालत गंभीर बताई जा रही है।
रिहायशी और व्यस्त इलाके में इस तरह की दुस्साहसी वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






