ताजा खबर

अनावरण की जल्दबाजी में बिरसा मुंडा की प्रतिमा गिरकर खंडित, मजदूर की हालत गंभीर
18-Feb-2026 11:50 AM
 अनावरण की जल्दबाजी में बिरसा मुंडा की प्रतिमा गिरकर खंडित, मजदूर की हालत गंभीर

अटल यूनिवर्सिटी का मामला, ठेकेदार और प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 18 फरवरी। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करते समय क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और भारी मूर्ति सीधे नीचे काम कर रहे एक मजदूर पर गिर गई। हादसे में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक विश्वविद्यालय में रानी दुर्गावती और भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाएं लगाई जानी थीं। बताया जा रहा है कि कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी का कार्यकाल पांच दिन बाद समाप्त होने वाला है, इसी वजह से अनावरण जल्द कराने का दबाव था।

आरोप है कि इसी जल्दबाजी में सुरक्षा नियमों को नजरअंदाज कर दिया गया। मौके पर काम कर रहे मजदूरों ने हेलमेट या अन्य सुरक्षा उपकरण नहीं पहन रखे थे।

प्रतिमा को स्थापित करते समय क्रेन ऑपरेटर संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते भारी प्रतिमा मजदूर के दाहिने पैर पर आ गिरी। उसके जांघ में गहरा घाव हो गया और सिर के पीछे भी गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद छात्रों के मुताबिक हादसा बेहद भयावह था।

घटना के समय कुछ छात्र वहां मौजूद थे। आरोप है कि विश्वविद्यालय के कुछ अधिकारियों ने छात्रों को वीडियो बनाने से रोका और उन्हें वहां से हटा दिया। इससे मामले को दबाने की कोशिश के रूप में देखा गया।

घायल मजदूर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद विश्वविद्यालय के इंजीनियर जायसवाल सहित कुछ अधिकारी मौके से चले गए और फिर विश्वविद्यालय नहीं लौटे। यांत्रिक विभाग के प्रभारी भी कार्यालय समय से पहले ही गायब गए।

बताया जा रहा है कि इससे पहले विश्वविद्यालय में बनने वाली केंद्रीय पुस्तकालय और प्रशासनिक भवन के भूमिपूजन को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री ने नाराजगी जताई थी। अब इस हादसे ने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल घटना के बाद कुलपति और रजिस्ट्रार सीधे तौर पर जिम्मेदारी लेने से बचते नजर आ रहे हैं।  


अन्य पोस्ट