ताजा खबर

खेलते-खेलते गायब हुआ मासूम, बायोगैस गड्ढे में मिली लाश
18-Feb-2026 11:50 AM
खेलते-खेलते गायब हुआ मासूम, बायोगैस गड्ढे में मिली लाश

काम की तलाश में तमिलनाडु गए थे माता-पिता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 18 फरवरी। दर्री थाना क्षेत्र के गोपालपुर के पास स्थित बारेडीमुड़ा गांव में दो वर्षीय लापता मासूम हर्ष का शव घर के बगीचे में बने बायोगैस प्लांट के गड्ढे में मिला।

जानकारी के मुताबिक लक्ष्मी नारायण कंवर और उनकी पत्नी रोजी-रोटी की तलाश में तमिलनाडु गए हुए हैं। उनका करीब दो साल का बेटा गांव में अपने दादा प्रमोद कंवर और बुआ रिंकी के साथ रह रहा था।

रविवार दोपहर करीब 2 बजे बच्चा घर के आसपास खेल रहा था। उसी समय बुआ घर के काम में लगी थीं और दादा बगीचे में नहाने गए थे। थोड़ी देर बाद जब दादा ने बच्चे को खाने के लिए आवाज लगाई तो वह कहीं दिखाई नहीं दिया।परिजनों ने घर के अंदर-बाहर, आंगन और आसपास के खेतों में काफी खोजबीन की। पड़ोसियों से भी पूछताछ की गई, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार दर्री थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

रात भर दादा और बुआ बच्चे की तलाश में परेशान रहे। अगले दिन सुबह गांव के लोगों ने बगीचे में बने गोबर गैस चेंबर के पास झांककर देखा तो अंदर बच्चे का शव नजर आया। तुरंत उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बच्चे की मौत की खबर उसके माता-पिता को तमिलनाडु में दी गई है। वे तुरंत गांव के लिए रवाना हो गए हैं। प्रारंभिक तौर पर हादसा माना जा रहा है, लेकिन हर पहलू से पुलिस जांच हो रही है।


अन्य पोस्ट