ताजा खबर
युवती की भूमिका को लेकर भी हो रही जांच
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोरबा, 17 फरवरी। महाशिवरात्रि के दिन प्रेमिका के बुलावे पर मिलने पहुंचे युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोप है कि लड़की के भाई ने पीछे से आकर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरा युवक किसी तरह पास के तालाब में कूद गया, जिससे उसकी जान बच सकी। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक उरगा थाना क्षेत्र के कनकी गांव निवासी तीजूराम सारथी का 21 वर्षीय बेटा विशु सारथी जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के कतौद गांव की युवती से मोबाइल पर बातचीत करता था। दोनों के बीच दोस्ती प्रेम में बदल गई थी। बताया जा रहा है कि युवती ने महाशिवरात्रि पर विशु को गांव आने का संदेश भेजा। रविवार शाम वह वहां पहुंचा। इसी दौरान युवती के भाई आकाश को इसकी भनक लग गई।
आरोप है कि विशु के गांव पहुंचते ही आकाश पीछे से आया और उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग लगते ही विशु चिल्लाता हुआ भागा और पास के तालाब में कूद गया। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े और उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
करीब 50 प्रतिशत झुलसे विशु को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, फिर गंभीर हालत में कोरबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अस्पताल में पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया।
घटना की सूचना मिलने पर नवागढ़ थाना प्रभारी कमलेश शेंडे टीम के साथ पहुंचे। तब तक युवक को अस्पताल भेजा जा चुका था। पुलिस ने मौके से उसकी बाइक जब्त की है।
विशु ने बयान में बताया कि वह पहले सर्वमंगला मंदिर दर्शन करने गया था, वहां से नवागढ़ मेले में घूम रहा था। इसी दौरान प्रेमिका का कॉल आया। उसने शादी की तैयारी का हवाला देकर बात टालनी चाही, लेकिन युवती ने आखिरी बार मिलने की बात कही। इसके बाद वह गांव गया।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या इस हमले में प्रेमिका की ही या किसी और की भी भूमिका थी। मामले की जांच जारी है।


