ताजा खबर

ग्रामीण की पिटाई से मौत, एसडीएम समेत चार जेल भेजे गए, कुसमी बंद
17-Feb-2026 3:10 PM
ग्रामीण की पिटाई से मौत, एसडीएम समेत चार जेल भेजे गए, कुसमी बंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर/राजपुर, 17 फरवरी। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कोरंधा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हंसपुर में ग्रामीण की पिटाई से हुई मौत का मामला गंभीर रूप लेता जा रहा है। घटना के विरोध में मंगलवार को कुसमी बंद का ऐलान किया गया है। स्थिति को देखते हुए किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए क्षेत्र में पुलिस और प्रशासनिक बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस ने मामले में कुसमी एसडीएम करुण डहरिया, भाजपा युवा नेता अजय प्रताप सिंह उर्फ विक्की सिंह, सुदीप यादव और मंजीत यादव के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है।

घटना के बाद राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रशासन और सत्ता पक्ष के लोगों पर बॉक्साइट तस्करी में संरक्षण देने का आरोप लगाया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कथित बॉक्साइट तस्करी की सूचना पर पहुंचे एसडीएम करुण डहरिया और उनके साथ आए युवकों ने तीन ग्रामीणों की डंडों और रॉड से बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान रामनरेश राम की मौत हो गई, जबकि अजीत राम और आकाश गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना रविवार रात की बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, रात करीब 8 बजे छत्तीसगढ़ शासन लिखी सरकारी बोलेरो और एक काली थार वाहन गांव पहुंचे। आरोप है कि अधिकारी और उनके साथ आए लोग घरों में घुसकर संदिग्ध भोला की तलाश में पूछताछ करने लगे। उपसरपंच गीता देवी ने बताया कि उनके घर में केवल महिलाएं और लड़कियां मौजूद थीं, इसके बावजूद हथियारों के साथ तलाशी ली गई।

घायल अजीत राम और आकाश ने बताया कि वे खेत से सिंचाई कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें रोककर मारपीट की गई। पिटाई इतनी बेरहमी से की गई कि रामनरेश बेहोश हो गया। तीनों घायल अवस्था में वाहन में घुमाए गए और बाद में अस्पताल ले जाया गया, जहां रामनरेश की मौत हो गई। ग्रामीण की मौत के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है।

पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत पहुंचे कुसमी

पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत सहित अन्य कांग्रेसी नेता कुसमी में पहुँचे हुए हैं। पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है जिसमे कुसमी एसडीएम करुण डहरिया सहित विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह मंजीत कुमार यादव एवँ सुदीप यादव के खिलाफ धारा 103(1),115(2) एवँ 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

राजपुर व्यवहार न्यायालय के बंद होने के बाद देर रात लगभग दस बजे चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए खोला गया जहाँ पुलिस ने देर रात लगभग 10 बजे न्यायालय में पेश किया।न्यायालय से रिमांड प्राप्त होने के बाद लगभग 11:30 बजे सभी आरोपियों को स्कार्पियो वाहन से रामानुजगंज जेल भेजा गया।इस दौरान पूरे न्यायालय परिसर में पुलिस अधिकारियों सहित जिले के अन्य एसडीएम एवँ कुसमी के स्थानीय लोग भारी संख्या में उपस्थित थे।

 


अन्य पोस्ट