ताजा खबर

80 हजार लेकर गांजा तस्करी की आरोपी के बेटे को छोड़ा, दो पुलिसकर्मी सस्पेंड
17-Feb-2026 11:58 AM
80 हजार लेकर गांजा तस्करी की आरोपी के बेटे को छोड़ा, दो पुलिसकर्मी सस्पेंड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 17 फरवरी। जिले में नशे के कारोबार पर चल रहे अभियान के बीच कोटा थाने से पुलिस का आरोपियों से साठगांठ का खेल सामने आया है। आरोप है कि गांजा बेचने वाली एक महिला के 13 वर्षीय बेटे को पकड़ने के बाद कानूनी कार्रवाई करने की बजाय 80 हजार रुपये लेकर छोड़ दिया गया। मामले में एक हवलदार और एक आरक्षक को तत्काल निलंबित कर दिया गया है, जबकि थाना प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को रानीसागर गांव में कोटा पुलिस ने 13 वर्षीय लड़के को करीब 500 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा था। आरोप है कि कार्रवाई करने के बजाय उससे 80 हजार रुपये की मांग की गई। बताया जा रहा है कि आरोपी ने गांव से उधार लेकर रकम थाने पहुंचाई, जिसके बाद उसे कथित रूप से गांजे सहित छोड़ दिया गया।

रविवार सुबह यह मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह तक पहुंचा। डीएसआर बैठक में उन्होंने सख्त नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद हवलदार प्रकाश दुबे और आरक्षक सोमेश्वर को निलंबित कर दिया गया। थाना प्रभारी नरेश चौहान से भी जवाब-तलब किया गया है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

इधर, जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 12 प्रकरण दर्ज किए गए और 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

कोटा थाने के गनियारी गांव की काजल वर्मा (25) से 900 ग्राम गांजा और ₹5.26 लाख नकद जब्त किए गए। एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

कोनी थाने में बिरकोना की पूर्णिमा वर्मा (25) के कब्जे से 1 किलो 256 ग्राम गांजा और एक मोबाइल जब्त हुआ। धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज किया गया।

सरकंडा थाने में रानी सिंह (40) से 2925 प्रतिबंधित नशीली गोलियां, बाबली वंसकार से 1.2 किलो गांजा और अभय भार्गव से 1.1 किलो गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा सिविल लाइंस, बेलगहना, सिपत, रतनपुर, बिल्हा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्रों में भी गांजा और नशीली दवाएं जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।


अन्य पोस्ट