ताजा खबर
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील के मुद्दे पर केंद्र सरकार के सामने कई सवाल रखे हैं.
राहुल गांधी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “अमेरिका के साथ ट्रेड डील के नाम पर हम भारत के किसानों के साथ विश्वासघात होते हुए देख रहे हैं.”
उन्होंने अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री से पांच सवाल पूछे हैं-
1. डीडीजी का आयात करने का वास्तव में क्या मतलब है? क्या इसका मतलब यह है कि भारतीय मवेशियों को जेनेटिकली मॉडिफाइड (जीएम) अमेरिकी मक्का से बने डिस्टिलर्स अनाज खिलाए जाएंगे? क्या इससे हमारे दूध उत्पाद प्रभावी रूप से अमेरिकी कृषि उद्योग पर निर्भर नहीं हो जाएंगे?
2. अगर हम जीएम सोया तेल के आयात की अनुमति देते हैं, तो मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और देशभर के हमारे सोया किसानों का क्या होगा?
3. जब आप ‘अतिरिक्त उत्पादन’ कहते हैं, तो उसमें क्या-क्या शामिल है? क्या यह समय के साथ दाल और अन्य फसलों को अमेरिकी आयात के लिए खोलने के दबाव का संकेत है?
4. नॉन ट्रेड बैरियर्स हटाने का क्या मतलब है? क्या भविष्य में भारत पर जीएम फसलों पर अपने रुख़ को ढीला करने, ख़रीद प्रक्रिया को कमज़ोर करने या एमएसपी और बोनस को कम करने का दबाव डाला जाएगा?
5. एक बार यह दरवाज़ा खुल गया, तो हर साल इसे और ज़्यादा खुलने से हम कैसे रोकेंगे? क्या इसकी रोकथाम होगी, या हर बार सौदे में धीरे-धीरे अन्य फसलों को मेज़ पर रख दिया जाएगा?
राहुल गांधी ने मांग की है कि किसानों को इन सवालों का उत्तर मिलना ही चाहिए.
उन्होंने लिखा, “यह सिर्फ़ आज की बात नहीं है. यह भविष्य की भी बात है. क्या हम किसी दूसरे देश को भारत की कृषि उद्योग पर लंबे समय की पकड़ बनाने दे रहे हैं?”(bbc.com/hindi)


