ताजा खबर

बिलासपुर में तीन दिन तक सजी ‘जनता राजा’ की रंगमंचीय प्रस्तुति
16-Feb-2026 11:36 AM
बिलासपुर में तीन दिन तक सजी ‘जनता राजा’ की रंगमंचीय प्रस्तुति

राज्य युवा आयोग के आयोजन को दर्शकों की मिली सराहना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 16 फरवरी। शहर के पुलिस ग्राउंड में तीन दिनों तक मंचित ऐतिहासिक नाटक जाणता राजा का रविवार को समापन हो गया। यह नाटक मराठा शासक क्षत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और उनके शासन से जुड़े प्रसंगों पर आधारित है। आयोजन में बड़ी संख्या में दर्शक शामिल हुए।

तीनों दिन नाटक की शुरुआत पारंपरिक आरती के साथ हुई। इसके बाद करीब तीन घंटे तक चले नाटक में लोकगीत, संवाद, युद्ध दृश्यों और दरबारी प्रसंगों को मंचित किया गया।

विशाल सेट, प्रकाश व्यवस्था और कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों को जोड़े रखा। कई दृश्यों पर तालियां बजीं, जबकि कुछ प्रसंगों में भावनात्मक माहौल भी बना।

नाटक में शिवाजी महाराज के प्रशासन, सैन्य कौशल, महिला सम्मान, सामाजिक समरसता और स्वराज की अवधारणा से जुड़े प्रसंग दिखाए गए। प्रस्तुति का उद्देश्य ऐतिहासिक घटनाओं को रंगमंच के माध्यम से सामने लाना था।

दर्शकों में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और परिवार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।  

समापन अवसर पर तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम युवाओं को इतिहास से जोड़ने का माध्यम बनते हैं। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि शिवाजी महाराज का जीवन संघर्ष और नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत करता है।

छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के विचारों से परिचित कराना है।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न सामाजिक संगठनों, जिनमें मराठा समाज और सर्व हिंदू समाज बिलासपुर शामिल थे, ने आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों का स्मृति-चिन्ह देकर आभार जताया। समापन के समय दर्शकों ने पारंपरिक जयघोष भी किए।


अन्य पोस्ट