ताजा खबर

सुप्रिया ठाकुर बनी आर्मी लेफ्टिनेंट, देशभर में पाई चौथी रैंक
16-Feb-2026 11:47 AM
सुप्रिया ठाकुर बनी आर्मी लेफ्टिनेंट, देशभर में पाई चौथी रैंक

उपलब्धि से गौरवान्वित हुआ बिलासपुर संभाग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 16 फरवरी। संभाग के मुंगेली जिले के टेढ़ाढौरा गांव की बेटी सुप्रिया ठाकुर ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर पूरे इलाके का नाम रोशन कर दिया है। एसएससी टेक–66 के तहत उनका चयन हुआ है। 17वीं एसएसबी बोर्ड, बेंगलुरु से उन्हें सिफारिश मिली और इलेक्ट्रॉनिक्स श्रेणी में उन्होंने पूरे देश में चौथी रैंक हासिल की।

गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल करने पर परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

सुप्रिया ने अपनी स्कूली शिक्षा सेंट जोसेफ कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, तारबाहर, बिलासपुर से पूरी की। इसके बाद उन्होंने चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन में इंजीनियरिंग की पढ़ाई की।

पढ़ाई के दौरान उन्होंने एनसीसी का ‘सी’ सर्टिफिकेट भी हासिल किया। इसी दौरान सेना की कार्यशैली और अनुशासन को करीब से देखने का मौका मिला, जिससे उनके मन में फौज में जाने का संकल्प और मजबूत हुआ।

सुप्रिया बताती हैं कि बचपन से ही सेना की वर्दी पहनकर देश सेवा करने का सपना था। इस सफर में उनके पिता वैदेही शरण सिंह श्रिनेत, माता संतोषी सिंह श्रिनेत और भाई ने हर कदम पर साथ दिया।

अब सुप्रिया प्रशिक्षण अकादमी में प्रशिक्षण लेंगी। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद वे भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सुप्रिया ठाकुर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।


अन्य पोस्ट