ताजा खबर

गर्लफ्रेंड से बात करने पर स्कूल के बाहर से छात्र का अपहरण, मारपीट कर छोड़ा
16-Feb-2026 11:46 AM
गर्लफ्रेंड से बात करने पर स्कूल के बाहर से छात्र का अपहरण, मारपीट कर छोड़ा

दो नाबालिग सहित तीन गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 16 फरवरी। सिविल लाइन क्षेत्र के रिंग रोड स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल के छात्रों के बीच मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। गर्लफ्रेंड से बातचीत को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद 10वीं के एक छात्र को स्कूल के बाहर से जबरन कार में बैठाकर ले जाया गया और सूनसान स्थान पर उसकी पिटाई की गई।

मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग शामिल हैं।

अमेरी रोड निवासी व्यवसायी हर्ष द्विवेदी ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा यज्ञ द्विवेदी सेंट फ्रांसिस स्कूल में पढ़ता है। 11 फरवरी की सुबह स्कूल से छुट्टी के बाद जैसे ही वह बाहर निकला, एक नाबालिग छात्र अपने साथी लक्ष्य आहूजा के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने चाकू दिखाकर छात्र को कार में बैठा लिया। इसके बाद उसे शहर से बाहर एक सूनसान इलाके में ले जाया गया।

पीड़ित छात्र के अनुसार, आरोपियों ने उस पर एक छात्रा से बातचीत करने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर युवक और नाबालिगों ने मिलकर उसकी पिटाई की।

मारपीट के बाद घायल छात्र को वहीं छोड़कर सभी फरार हो गए। किसी तरह वह घर पहुंचा और परिवार को घटना की जानकारी दी।

परिजनों ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के बाद लक्ष्य आहूजा को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस ने घायल छात्र का बयान दर्ज किया है। उसकी जानकारी के आधार पर घटना में इस्तेमाल की गई कार और बेसबॉल बैट जब्त कर लिया गया है।


अन्य पोस्ट