ताजा खबर

2.62 लाख मतदाताओं का नहीं हो पाया सत्यापन
16-Feb-2026 11:48 AM
2.62 लाख मतदाताओं का नहीं हो पाया सत्यापन

वोटर लिस्ट के दावे-आपत्तियों का निपटारा होने के बाद अब जारी होगी अंतिम सूची

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 16 फरवरी। जिले में मतदाता सूची शुद्धिकरण का विशेष अभियान 14 फरवरी को समाप्त हो गया। अब जिला निर्वाचन कार्यालय अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करने की तैयारी में जुट गया है। अधिकारियों का कहना है कि दावे, आपत्तियां और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, इसलिए जल्द ही संशोधित और त्रुटि-रहित सूची जारी की जाएगी।

2025 की मतदाता सूची के अनुसार बिलासपुर जिले में कुल 13 लाख 12,223 मतदाता दर्ज हैं। विशेष अभियान के दौरान बड़ी संख्या में नामों का सत्यापन किया गया।

जिला स्तर पर 4,98,185 मतदाताओं के लिए नोटिस तैयार किए गए थे। 14 फरवरी तक बीएलओ द्वारा 4,18,501 नोटिस तामील किए गए। अधिकारियों के अनुसार सभी मामलों की सुनवाई पूरी कर ली गई है।

जांच के दौरान 1,50,169 मतदाताओं का रिकॉर्ड सही पाया गया, जबकि 5,077 मतदाता अपात्र पाए गए। संभाग स्तर पर करीब 25 हजार नामों पर भी आपत्ति दर्ज हुई थी।

कुल 4,93,111 मतदाताओं के डेटा को अंतिम प्रकाशन सूची की श्रेणी में रखा गया है। शेष मतदाताओं के डेटा को मिलाकर जल्द ही नई सूची जारी की जाएगी। निर्वाचन विभाग का कहना है कि इस प्रक्रिया से सूची अधिक पारदर्शी और त्रुटि-मुक्त होगी।

नोटिस जारी करने के बाद भी लगभग 2.62 लाख मतदाताओं का सत्यापन नहीं हो पाया। विभाग को आशंका है कि इनमें से कई लोग या तो स्थानांतरित हो चुके हैं या उनका निधन हो गया है।

सुनवाई में उपस्थित न होने या दस्तावेज मेल न खाने की स्थिति में ऐसे नाम सूची से हटाए जा सकते हैं।

जिन मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे, उन्हें दोबारा पंजीयन के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 18 प्रकार के दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। दस्तावेजों का संबंधित कार्यालय से सत्यापन होने के बाद ही नाम जोड़ा जाएगा।

निर्वाचन विभाग का कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है। अंतिम मतदाता सूची जल्द सार्वजनिक की जाएगी।


अन्य पोस्ट