ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
धमतरी, 14 फरवरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में खपरी बाईपास पर आज सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। जगदलपुर से रायपुर जा रही 201 कोबरा बटालियन की एक डिजायर कार की एक सिविल ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही 3 जवानों व ड्राइवर की मौत हो गई। एक जवान घायल है, जिसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार 4 जवान और ड्राइवर जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे। हादसे में मृतक जवानों के नाम मुकेश कुमार, सौरभ तोमर, राजकुमार गोंड और ड्राइवर हीरा लाल नागर बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायल जवान अभियान राय का उपचार धमतरी के अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वरदान परमार्थ एम्बुलेंस सेवा संस्था के स्वयंसेवक शिवा प्रधान, डुमन साहू और हेमंत प्रधान तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त कार से शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए मच्र्युरी भेजा। पुलिस और राहत दल भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए।
सीआरपीएफ की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 201 कोबरा बटालियन के 4 जवान छुट्टी पर जा रहे थे, जब किराए की कार का यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 2 जवानों की मौत हो चुकी है, एक की हालत गंभीर है और एक को मामूली चोटें आई हैं। धमतरी के एसपी से सहायता मांगी गई है और आसपास की सीआरपीएफ इकाइयों से भी मदद ली जा रही है। विस्तृत रिपोर्ट बाद में जारी की जाएगी।
यह हादसा नेशनल हाइवे पर हुआ, जहां ट्रैफिक तेजी से बढ़ रहा है और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों ने हादसे पर गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है।



