ताजा खबर

अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर लोकसभा में विपक्ष का हंगामा, कार्यवाही बाधित
12-Feb-2026 11:23 AM
अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर लोकसभा में विपक्ष का हंगामा, कार्यवाही बाधित

नयी दिल्ली, 12 फरवरी। विपक्षी दलों के सदस्यों ने अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते को लेकर बृहस्पतिवार को लोकसभा में हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही आरंभ होने के सात मिनट के भीतर ही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

सदन की बैठक आरंभ होने पर पीठासीन सभापति कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने प्रश्नकाल शुरू कराया। इसी दौरान विपक्षी सदस्य अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते को लेकर नारेबाजी करते हुए आसन के निकट पहुंच गए।

विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के बीच ही कांग्रेस सदस्य प्रभा मल्लिकार्जुन ने पूरक प्रश्न पूछा, जिसका उत्तर ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद नाईक ने दिया।

पीठीसीन सभापति ने विपक्षी सदस्यों से नारेबाजी बंद करने और सदन चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक से आपकी (कांग्रेस की) महिला सदस्य ने प्रश्न पूछा है। क्या आप नहीं चाहते कि महिला सदस्य प्रश्न पूछें और सदन में उसका उत्तर दिया जाए?’’

तेन्नेटी ने विपक्षी सदस्यों के सदन में तख्तियां लाने को लेकर भी आपत्ति जताई और कहा कि यह सदन के नियमों के विरूद्ध है।

हंगामा नहीं थमने पर उन्होंने 11 बजकर सात मिनट पर सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। (भाषा)


अन्य पोस्ट