ताजा खबर

पारदर्शी शासन की दिशा में एसईसीएल की पहल ‘डिजीकोल’ राष्ट्रीय मंच पर सराही गई
12-Feb-2026 12:59 PM
पारदर्शी शासन की दिशा में एसईसीएल की पहल ‘डिजीकोल’ राष्ट्रीय मंच पर सराही गई

केंद्रीय सतर्कता आयोग की कार्यशाला में प्रस्तुति दी गई

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 12 फरवरी। दक्षिण पूर्व कोलफील्ड्स लिमिटेड-एसईसीएल की डिजिटल पहल ‘डिजीकोल’ को पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन के मॉडल के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। 11 फरवरी 2026 को नई दिल्ली के स्कोप कन्वेंशन सेंटर में केंद्रीय सतर्कता आयोग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला “डिजिटल इनिशिएटिव्स फॉर इंक्रीजिंग ट्रांसपेरेंसी इन गवर्नेंस” में एसईसीएल ने अपने डिजिटल रूपांतरण अनुभव को प्रस्तुत किया।

कार्यशाला में एसईसीएल का प्रतिनिधित्व मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन ने किया। उन्होंने बताया कि ‘डिजीकोल’ के माध्यम से खनन कार्यों में डिजिटल निगरानी और डेटा-आधारित प्रबंधन प्रणाली को मजबूत किया गया है, जिससे पारदर्शिता और संस्थागत जवाबदेही में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

प्रस्तुति में बताया गया कि ‘डिजीकोल’ के अंतर्गत कई उन्नत तकनीकी उपाय लागू किए गए हैं।

एचईएमएम फ्लीट मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए शॉवेल, डंपर और डोजर जैसे भारी मशीनों की रियल-टाइम निगरानी की जा रही है। सेंसर आधारित इस प्रणाली से मशीनों की लोकेशन, संचालन समय और ईंधन खपत पर सतत नजर रखी जाती है। असामान्य ईंधन खपत, अधिक निष्क्रिय समय या निर्धारित मार्ग से विचलन जैसी स्थितियों की स्वतः पहचान संभव हो पाई है।

वीडियो एनालिटिक्स एवं कनेक्टेड वर्कर सिस्टम ने सुरक्षा प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को सशक्त किया है। इससे कार्यस्थलों पर निगरानी बेहतर हुई है और त्वरित हस्तक्षेप सुनिश्चित हुआ है।

ड्रोन आधारित सर्वेक्षण के माध्यम से अतिक्रमण की पहचान, हॉल रोड और खदान ढलानों की निगरानी तथा वर्षा ऋतु में जल निकासी व्यवस्था का आकलन किया जा रहा है, जिससे सटीकता और पूर्वानुमान क्षमता बढ़ी है।

इसके अलावा डेटा-आधारित खदान योजना और अनुकूलित ड्रिलिंग-ब्लास्टिंग प्रक्रिया ने उत्पादन कार्य में वैज्ञानिकता और दक्षता को बढ़ावा दिया है।

डिजिटल भू-अभिलेख, ऑनलाइन प्रशिक्षण मंच, स्पेयर पार्ट्स प्रबंधन प्रणाली और डिजिटल वॉर रूम जैसी पहलों ने एक सुरक्षित एवं छेड़छाड़-रोधी डिजिटल इकोसिस्टम का निर्माण किया है। इससे निर्णय प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनी है।

नई दिल्ली में आयोजित कार्यशाला का सीधा प्रसारण बिलासपुर स्थित एसईसीएल मुख्यालय में सामूहिक रूप से देखा गया। अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सत्र में भाग लिया। उनके साथ तकनीकी (संचालन) निदेशक एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, कार्मिक निदेशक बिरंची दास, वित्त निदेशक डी. सुनील कुमार तथा तकनीकी (परियोजना एवं योजना) निदेशक रमेश चंद्र महापात्र सहित मुख्यालय और सभी क्षेत्रों के महाप्रबंधक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

 


अन्य पोस्ट