ताजा खबर

राष्ट्रव्यापी हड़ताल का बिलासपुर में सीमित असर
12-Feb-2026 1:42 PM
राष्ट्रव्यापी हड़ताल का बिलासपुर में सीमित असर

बाजार खुले, आवश्यक सेवाएं सामान्य; कांग्रेस ने नेहरू चौक में किया प्रदर्शन
'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 12 फरवरी। देशव्यापी ट्रेड यूनियनों की हड़ताल का बिलासपुर शहर में व्यापक असर देखने को नहीं मिला। शहर के अधिकांश व्यावसायिक प्रतिष्ठान सामान्य रूप से खुले रहे और रोजमर्रा की गतिविधियां जारी रहीं। हालांकि इंटक, एटक, सीटू और एचएमएस से जुड़े पदाधिकारियों ने नेहरू चौक पर विरोध-प्रदर्शन का आयोजन किया।

बंद को व्यापारिक संगठनों का समर्थन नहीं मिलने के कारण शहर के प्रमुख बाजारों गोल बाजार, सदर बाजार और बुधवारीमें सुबह से ही दुकानें खुली रहीं। व्यापारियों ने सामान्य दिनों की तरह कारोबार किया।

पेट्रोल पंप, स्कूल-कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थान भी नियमित रूप से संचालित होते रहे। सार्वजनिक परिवहन और आवश्यक सेवाओं पर भी हड़ताल का कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ा

केंद्र सरकार के नए लेबर कोड और आर्थिक नीतियों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ने हड़ताल को समर्थन दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन, तिलक नगर से रैली निकालकर नेहरू चौक में प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन सुबह 11 बजे शुरू हुआ, जहां कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध जताया।

देशभर की 10 ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच ने किसान संगठनों के समर्थन से 12 फरवरी को एक दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया था। आंदोलन का मुख्य मुद्दा केंद्र सरकार द्वारा लागू नए श्रम संहिता (लेबर कोड) और आर्थिक नीतियों का विरोध रहा।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नए लेबर कोड से मजदूरों की सुरक्षा कमजोर हुई है, नौकरी की स्थिरता पर असर पड़ा है और नियुक्ति व सेवा समाप्ति की प्रक्रिया में कंपनियों को अधिक छूट दी गई है। उनका कहना है कि इससे श्रमिकों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।

शहर में हड़ताल के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। पुलिस बल एहतियातन तैनात रहा।


अन्य पोस्ट