ताजा खबर
1 मार्च को दुर्ग से, 2 मार्च को मधुबनी से प्रस्थान; 18 कोच की सुविधा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 12 फरवरी। होली पर्व के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए भारतीय रेल ने इस वर्ष 1,410 से अधिक होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत 15 विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। इसी क्रम में दुर्ग और मधुबनी के बीच एक फेरे के लिए होली स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है, जिससे गोंदिया–दरभंगा मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, गाड़ी संख्या 08753 दुर्ग–मधुबनी होली स्पेशल 1 मार्च 2026 को दुर्ग से रवाना होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 08754 मधुबनी–दुर्ग होली स्पेशल 2 मार्च 2026 को मधुबनी से प्रस्थान करेगी।
इस विशेष ट्रेन में कुल 18 कोच रहेंगे, जिनमें 2 एसएलआरडी, 2 सामान्य श्रेणी, 9 स्लीपर तथा 2 एसी-3 कोच शामिल हैं। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को आरक्षित और अनारक्षित दोनों प्रकार की सुविधा उपलब्ध होगी।
08753 दुर्ग–मधुबनी होली स्पेशल ट्रेन दुर्ग से रात 00:30 बजे रवाना होकर रायपुर (01:20), बिलासपुर (03:30), चांपा, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, हटिया, रांची, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद जंक्शन, चित्तरंजन, जसीडीह जंक्शन, झाझा, किऊल जंक्शन, बरौनी जंक्शन, समस्तीपुर जंक्शन और दरभंगा जंक्शन होते हुए अगले दिन सुबह 4.45 बजे मधुबनी पहुंचेगी।
वापसी में 08754 मधुबनी–दुर्ग होली स्पेशल ट्रेन मधुबनी से सुबह 06:15 बजे प्रस्थान कर सकरी जंक्शन, दरभंगा जंक्शन, समस्तीपुर जंक्शन, बरौनी जंक्शन, किऊल जंक्शन, झाझा, जसीडीह जंक्शन, चित्तरंजन, धनबाद जंक्शन, बोकारो स्टील सिटी, रांची, राउरकेला, झारसुगुड़ा, रायगढ़, चांपा, बिलासपुर और रायपुर होते हुए अगले दिन दोपहर 12.45 बजे दुर्ग पहुंचेगी।
रेलवे की ओर से बताया गया है कि होली के अवसर पर विशेष रूप से बिहार और झारखंड की ओर जाने वाली ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ रहती है। इस अतिरिक्त ट्रेन से यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा मिलने की उम्मीद है।


