ताजा खबर
भारत के साथ अमेरिका की ट्रेड डील को लेकर एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सरकार को घेरा है.
लोकसभा में भाषण देते हुए ओवैसी ने कहा, “ट्रंप ने 6 फ़रवरी को जो कार्यकारी आदेश निकाला उसमें सेक्शन 4 का ज़िक्र है. इसका मतलब है कि अगर भारत प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से रूस से तेल ख़रीदता है तो वो 25 प्रतिशत फिर से टैरिफ़ लगा देंगे. वो कौन होते हैं कि हम किससे तेल ख़रीदें. हमने मुल्क को आज़ाद इसलिए कराया कि वहां कोई बैठकर बोलेगा. मैं जिससे चाहूं तेल ख़रीदूंगा, तुम होते कौन हो, तुम मेरे माई बाप हो क्या?”
ओवैसी ने कहा, “अफ़सोस है कि सरकार खामोश है. 2019 में उन्होंने कहा कि ईरान का तेल मत लो, आपने ग़लती की जो ईरान का तेल नहीं लिया. तब अमेरिका ने कहा था कि तुलनात्मक दर पर तेल लो. आज वो कह रहा है कि एकाधिकारी दर पर तेल लो. हम क्यों इतना गिर रहे हैं.”
उन्होंने ट्रेड डील से भारत के डी-इंडस्ट्रीलाइज़ेशन के ख़तरे से आगाह करते हुए कहा, “आप फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर कर रहे हैं या फ़ोर्स्ड परचेज एग्रीमेंट पर. हम बांग्लादेश की ज़रूरत का 70 फ़ीसदी कपास देते हैं. अब अमेरिका ने कहा है कि बांग्लादेश उससे कपास खरीदे तो टैरिफ़ शून्य हो जाएगा. हमारे यहां भिवंडी, मालेगांव और बनारस के पावरलूम का क्या होगा?” (bbc.com/hindi)


