ताजा खबर

महाराष्ट्र में 12वीं कक्षा की अंग्रेजी की परीक्षा में सामूहिक नकल, 23 पर मामला दर्ज
11-Feb-2026 9:19 PM
महाराष्ट्र में 12वीं कक्षा की अंग्रेजी की परीक्षा में सामूहिक नकल, 23 पर मामला दर्ज

छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र), 11 फरवरी। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में 12वीं कक्षा की अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान कथित तौर पर सामूहिक नकल किए जाने का मामला सामने आया है जिसके बाद परीक्षा निरीक्षकों समेत 23 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षण मंडल द्वारा आयोजित 12वीं कक्षा की परीक्षाओं के पहले दिन मंगलवार को कन्नड़ तालुका के जैतापुर में हुई।

देवगांव रंगारी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, "जैतापुर के राष्ट्रीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सामूहिक नकल का मामला सामने आया है। परीक्षार्थी एक-दूसरे की उत्तर पुस्तिकाओं से नकल करते पाए गए। घटना की पुष्टि सीसीटीवी फुटेज से हुई है।"

उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद सतर्कता समिति ने कार्रवाई शुरू की। इसके बाद जिला परिषद के शिक्षकों (जो निरीक्षक के रूप में तैनात थे) और टीम के अन्य सदस्यों सहित 23 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि घटना में कथित रूप से शामिल जिला परिषद के कर्मचारियों को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि स्कूल के जो भी कर्मचारी इसमें संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारी के मुताबिक, इस कदाचार के प्रकाश में आने के बाद परीक्षा केंद्र पर सेवाएं दे रहे सभी कर्मचारियों को बदल दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में महाराष्ट्र विश्वविद्यालय, बोर्ड और अन्य विशिष्ट परीक्षा (कदाचार रोकथाम) अधिनियम, 1982 संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। (भाषा)


अन्य पोस्ट