ताजा खबर
नयी दिल्ली, 11 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ राहुल गांधी के आरोपों को ‘बेबुनियाद’ बताकर खारिज कर दिया। पार्टी ने आरोप लगाया कि लोकसभा में बोलते समय नेता प्रतिपक्ष ने ‘सड़क छाप भाषा’ का इस्तेमाल कर संसदीय मर्यादा को निम्नस्तर पर पहुंचा दिया।
यह घटना तब हुई जब गांधी ने सदन में केंद्रीय बजट पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए मोदी पर तीखा हमला किया और आरोप लगाया कि सरकार ने इस व्यापार समझौते के जरिए ‘भारत माता को बेच दिया’ है और यह ‘पूरी तरह से आत्मसमर्पण’ है, जिसमें भारत की ऊर्जा सुरक्षा अमेरिका को सौंप दी गई है व किसानों के हितों से समझौता किया गया है।
गांधी ने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं है कि मोदी समेत कोई भी भारतीय प्रधानमंत्री इस तरह के समझौते पर सहमत होगा जब तक कि उस पर ‘दबाव’ न डाला जाए।
इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने गांधी के आरोपों को ‘बेबुनियाद’ बताकर खारिज कर दिया और आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ने सदन में बोलते समय ‘सड़क छाप भाषा’ और ‘सड़क छाप आचरण’ का इस्तेमाल करके संसदीय मर्यादा और राजनीति को निम्नतर स्तर पर पहुंचा दिया।
उन्होंने यहां भाजपा मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी की टिप्पणियों की निंदा करते हुए कहा, ‘‘अगर महाराजा जेम्स प्रथम ईसाई जगत के सबसे बुद्धिमान मूर्ख थे, तो हम कह सकते हैं कि राहुल गांधी कांग्रेस के सबसे बुद्धिमान मूर्ख हैं।’’ (भाषा)


