ताजा खबर
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद (एमएम) नरवणे की किताब 'फ़ोर स्टार्स ऑफ़ डेस्टिनी' को लेकर पेंगुइन इंडिया की ओर से जारी बयान पर प्रतिक्रिया दी है.
पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने बयान जारी किया है कि नरवणे की किताब के प्रकाशन का अधिकार केवल उसके पास है और यह पुस्तक अब तक प्रकाशित नहीं हुई है.
इस पर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, "मनोज नरवणे जी का ही एक ट्वीट है जिसमें लिखा है- हेलो फ़्रेंड्स, मेरी किताब अब उपलब्ध है, बस लिंक को फ़ॉलो करें."
"मैं जो कहना चाह रहा हूं वह यह है कि या तो मिस्टर नरवणे झूठ बोल रहे हैं या पेंगुइन झूठ बोल रहा है. मुझे नहीं लगता कि पूर्व आर्मी चीफ़ झूठ बोलेंगे."
राहुल गांधी ने कहा, "पेंगुइन का कहना है कि किताब पब्लिश नहीं हुई है. किताब अमेज़न पर उपलब्ध है. नरवणे ने 2023 में ट्वीट किया था कि मेरी किताब ख़रीदें."
"क्या आपको नरवणे जी से ज़्यादा पेंगुइन पर भरोसा है? मुझे लगता है कि नरवणे जी ने अपनी किताब में कुछ ऐसी बातें कही हैं जो भारत सरकार और भारत के प्रधानमंत्री के लिए असुविधाजनक हैं. जाहिर है, आपको तय करना होगा कि पेंगुइन सच बोल रहा है या पूर्व आर्मी चीफ़ सच बोल रहे हैं." (bbc.com/hindi)


