ताजा खबर

व्हाट्सऐप संदेश देखकर किशोरी ने उठाया आत्मघाती कदम
10-Feb-2026 12:30 PM
व्हाट्सऐप संदेश देखकर किशोरी ने उठाया आत्मघाती कदम

पीएससी की तैयारी कर रहा छात्र भी फांसी पर झूला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 10 फरवरी। शहर में सोमवार को आत्महत्या के दो अलग-अलग मामले सामने आए। एक ओर जहां प्रेमी की मौत की तस्वीर और संदेश मिलने से आहत एक 16 वर्षीय किशोरी ने जान दे दी, वहीं दूसरी ओर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक युवक ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

तोरवा थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय प्रिंसी गुप्ता ने सोमवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रिंसी कोरिया जिले के पठकोना गांव की रहने वाली थी और करीब 10 दिन पहले अपनी मौसी वसुंधरा गुप्ता के घर, तोरवा पंप हाउस के पास आई थी। उसके पिता बाबूलाल गुप्ता का पहले ही निधन हो चुका है।

परिजनों के अनुसार प्रिंसी का कोरिया जिले के ही एक युवक से प्रेम संबंध था। कुछ दिन पहले दोनों दिल्ली चले गए थे। वहां पुलिस द्वारा कार्रवाई के बाद किशोरी को कुछ समय दिल्ली के बाल संरक्षण गृह में रखा गया, फिर अंबिकापुर भेजा गया। बाद में परिवार उसे तोरवा स्थित मौसी के घर ले आया।

बताया गया कि किशोरी के प्रेमी ने एक दिन पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस घटना की तस्वीर और संदेश उसके एक मित्र ने व्हाट्सऐप पर प्रिंसी को भेज दिया। यह देखकर वह पूरी तरह टूट गई। मौसी ने उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन सोमवार सुबह करीब 11 बजे, जब मौसी काम पर गई थीं, तब किशोरी ने अपने कमरे में दुपट्टे से पंखे पर फांसी लगा ली।

एक अन्य घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। यहां 21 वर्षीय आकाश कुमार पंडा ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। आकाश रायगढ़ जिले के घरघोड़ा क्षेत्र के अमलीडीह का निवासी था और बिलासपुर में पीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह कपिल नगर में दीपक कश्यप के मकान में किराए से रहता था। रविवार शाम करीब 6:30 बजे वह अपने कमरे में था, जहां उसने फांसी लगा ली। कुछ देर बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद आज पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।


अन्य पोस्ट