ताजा खबर

लापता बच्चों के मामलों में दिल्ली पुलिस की अपील
06-Feb-2026 10:05 AM
लापता बच्चों के मामलों में दिल्ली पुलिस की अपील

दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे 'बच्चों की गुमशुदगी के मामलों में अचानक वृद्धि' की अफ़वाहों पर भरोसा न करें.

दिल्ली पुलिस ने एक्स पर पोस्ट किया, "हम नागरिकों से अपील करते हैं कि वे लापता बच्चों के मामलों में अचानक वृद्धि की अफ़वाहों का शिकार न हों."

दिल्ली पुलिस ने 'लापता बच्चों के मामलों में अचानक वृद्धि' के दावों का खंडन किया है. साथ ही, अफ़वाह फैलाने वालों को आंकड़ों को गलत तरीके से पेश करके बेवजह डर फ़ैलाने के लिए कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है.

न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ दिल्ली पुलिस के आधिकारिक डेटा में ये बताया गया था कि 1 से 15 जनवरी के बीच कुल 807 लोग लापता हुए, जिसमें हर दिन औसतन 54 लोग लापता हुए.

इस डेटा के जारी होने के बाद दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को कहा कि "घबराने या डरने की कोई बात नहीं है" क्योंकि ये आंकड़े पिछले सालों की इसी अवधि की तुलना में असल में कमी दिखाते हैं.

दिल्ली पुलिस के जन संपर्क अधिकारी और संयुक्त पुलिस आयुक्त संजय त्यागी ने कहा, "दिल्ली में लापता व्यक्तियों विशेषकर बच्चों के संबंध में घबराने या डरने की कोई वजह नहीं है."

"पहले की तुलना में दिल्ली में लापता व्यक्तियों के मामलों में कोई वृद्धि नहीं हुई है. जनवरी 2026 के महीने में पिछले वर्षों की समान अवधि की तुलना में गुमशुदगी के मामलों में कमी दर्ज की गई है."  (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट