ताजा खबर

पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, बोले- 'उन्होंने सिखों का अपमान किया है'
06-Feb-2026 9:36 AM
पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, बोले- 'उन्होंने सिखों का अपमान किया है'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने उस वाक़ये का ज़िक्र किया, जब राहुल गांधी ने कांग्रेस छोड़ भाजपा में गए केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को 'गद्दार' कहा था.

पीएम मोदी ने कहा, "कल जो घटना घटी, इसी सदन के एक सांसद (राहुल गांधी) ने उनको (रवनीत सिंह बिट्टू) गद्दार कह दिया. कांग्रेस को छोड़कर कितने ही लोग गए गए, कितने ही टुकड़े हुए, लेकिन पहले तो किसी को गद्दार नहीं कहा."

"लेकिन कल उन्होंने एक सांसद को इसलिए गद्दार कहा क्योंकि वे सिख थे. यह सिखों का अपमान था, गुरुओं का अपमान था. कांग्रेस में सिखों के प्रति नफ़रत भरी पड़ी है, ये उसकी अभिव्यक्ति थी."

उन्होंने आगे कहा, "उन्हें इसको लेकर ज़रा भी दर्द नहीं है, वरना आज खड़े होकर कह सकते थे कि कल जो हुआ वह संसद की गरिमा के अनुरूप नहीं था, हमें खेद है. एक शब्द तो बोल देते. लेकिन सिखों के प्रति उनमें नफ़रत है. उन्होंने अपने राजनीतिक विचारों में परिवर्तन किया इसलिए गद्दार हो गए?"

"गद्दार शब्द छोटा नहीं है, मेरे देशवासी को कोई गद्दार कहे, ये देश कैसे सहन करेगा. बहुत दुर्भाग्य की बात है कि गद्दार सिर्फ़ इसलिए कहा गया क्योंकि वे सिख थे."

गौरतलब है कि यह घटना बुधवार की है, जब राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू की ओर हाथ बढ़ाते हुए कहा 'हैलो माय ट्रेटर फ्रेंड'. बिट्टू ने राहुल गांधी से हाथ मिलाने से इनकार करते हुए उनकी तरफ़ इशारा किया और उन्हें 'देश के दुश्मन' कहकर संबोधित किया.  (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट