ताजा खबर
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि, 'प्रधानमंत्री सदन में आते तो विपक्षी सदस्यों की ओर से कोई अप्रिय घटना हो सकती थी.' इसके जवाब में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि यह पूरी तरह झूठ है, पीएम को चोट पहुंचाने का सवाल ही नहीं था.
उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री अब स्पीकर के पीछे छिप रहे हैं, उनमें कल सदन में आने की हिम्मत नहीं हुई."
"आप सरकार से क्यों नहीं पूछते कि सदन में नेता प्रतिपक्ष को क्यों नहीं बोलने दिया जाता. क्या उनके पास कोई भी आधार है कि वे एक सोर्स का उद्धरण देने से रोक दें, उनके पास ये अधिकार नहीं है. तथ्य यह है कि चर्चा इसलिए नहीं हुई, क्योंकि सरकार चर्चा के लिए तैयार नहीं थी."
शिवसेना की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारत में सबसे सुरक्षित व्यक्ति हैं, उनके लिए यह कहना कि उन्हें महिला सांसदों से ख़तरा था, यह महिला सांसदों पर दी गई दुर्भाग्यपूर्ण टिप्पणी है.
इससे पहले कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, लोकसभा स्पीकर के दफ़्तर से मीडिया में खबरें डलवाई जा रही हैं कि कांग्रेस पार्टी ने महिला सांसदों के ज़रिए कल प्रधानमंत्री पर 'हमला' करने की योजना बनाई थी.
उन्होंने आगे लिखा, "क्या किसी महिला का विरोध करना आतंकवाद माना जाता है, क्या वे उन्हें अछूत मानते हैं, मोदी सरकार और उसके चापलूस पत्रकारों को देश की महिलाओं से, ख़ासकर दलित महिलाओं से माफ़ी मांगनी चाहिए." (bbc.com/hindi)


