ताजा खबर

सहेली की पीट-पीट कर हत्या, दो गिरफ्तार
04-Feb-2026 5:00 PM
सहेली की पीट-पीट कर हत्या, दो  गिरफ्तार


'छत्तीसगढ़'  संवाददाता
गरियाबंद, 4 फरवरी।
गरियाबंद जिले के शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम गरीबा में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। उसकी ही दो सहेलियों पर पीडि़ता के साथ मारपीट कर हत्या करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार मृत महिला की पहचान सुमित्रा नेताम (37) के रूप में हुई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह जानकारी मिली है कि घटना के पीछे आपसी रंजिश कारण हो सकती है। बताया गया कि गांव में चरित्र संबंधी आरोपों को लेकर तीनों महिलाओं के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी सुगतिन नेताम (36) और ईतवारिन बाई (46) का कहना है कि सुमित्रा उनके बारे में गांव में आरोप लगाती थीं, जिससे उनके बीच तनाव बना हुआ था।
घटना मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी महिलाएं सुमित्रा के घर पहुंचीं, जहां उनके बीच विवाद हुआ। आरोप है कि पहले महिला के निजी अंग में जबरदस्ती लाल मिर्च डाल दिया। आपा खो चुकी दोनों आरोपी महिला ने डंडे से जमकर पीटा, साथ ही लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। देर रात पुलिस ने दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
थाना प्रभारी नकुल सिदार ने बताया कि मामले में दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
 


अन्य पोस्ट