ताजा खबर

काठमांडू से इस्तांबुल जा रहे टर्किश एयरलाइंस के विमान की कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग
04-Feb-2026 7:07 PM
काठमांडू से इस्तांबुल जा रहे टर्किश एयरलाइंस के विमान की कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग

SANJAY DAS


-प्रभाकर मणि तिवारी

नेपाल की राजधानी काठमांडू से इस्तांबुल जा रहे टर्किश एयरलाइंस के एक विमान को बुधवार शाम तीन बजे कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी.

विमान के पायलट ने दाहिने इंजन में आग लगने का संदेह जताया था. कोलकाता एयरपोर्ट के निदेशक विक्रम सिंह ने पत्रकारों को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि वह विमान दोपहर 2.49 बजे यहां सुरक्षित उतर गया. उस पर 236 यात्री सवार थे. उनको सुरक्षित उतार लिया गया है.

एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के तुरंत बाद चालक दल को दाहिने इंजन में गड़बड़ी का पता चला था.

पायलट ने काठमांडू एटीसी को इसकी सूचना दी और एक इंजन बंद कर दिया. एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है.

एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि विमान के कैप्टन ने कोलकाता एटीसी को दाहिने इंजन में संभावित आग की सूचना दी थी. उसके बाद उसे यहां सुरक्षित उतार लिया गया.

विमान ने काठमांडू से दोपहर 1.29 बजे उड़ान भरी थी. उड़ान संख्या टीएचवाई-727 के लिए इस्तेमाल होने वाला यह विमान एयरबस ए 330-300 है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट