ताजा खबर

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर प्रियंका गांधी ने पूछा- क्या सरकार किसानों के हितों से समझौता करेगी?
04-Feb-2026 10:09 AM
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर प्रियंका गांधी ने पूछा- क्या सरकार किसानों के हितों से समझौता करेगी?

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भारत और अमेरिका के बीच ट्रे़ड डील में कृषि प्रावधानों को लेकर सवाल उठाए हैं.

प्रियंका गांधी का कहना है कि अमेरिका अपने कृषि उत्पादों को भारत निर्यात करने का दबाव बढ़ा रहा है.

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''अमेरिका की ओर से कहा गया है कि अमेरिकी किसानों के प्रोडक्ट अब भारतीय बाज़ार में बिकेंगे जिससे ग्रामीण अमेरिका में पैसा आएगा. इस डील से ट्रंप ने अमेरिकी किसानों के लिए फ़ायदा सुनिश्चित किया है."

प्रियंका गांधी ने लिखा, ''भारत के करोड़ों किसान जानना चाहते हैं कि इस व्यापार समझौते की शर्तें क्या हैं? क्या मोदी सरकार भारतीय कृषि क्षेत्र को पूरी तरह अमेरिका के लिए खोलने जा रही है? क्या सरकार भारतीय किसानों को अमेरिकी कंपनियों के साथ सीधी प्रतिस्पर्धा में झोंकेगी? क्या हमारे किसानों के हितों से समझौता किया गया है? जनता के सामने तत्काल स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए.''

हालांकि मोदी सरकार का कहना है कि किसानों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं हुआ, कृषि और डेयरी में जो संवेदनशील क्षेत्र संरक्षित थे, वे आगे भी रहेंगे.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि रूस से तेल ख़रीद बंद करने पर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहमति जताई है.

ट्रुथ सोशल पर अपनी पोस्ट में ट्रंप ने लिखा था, "प्रधानमंत्री मोदी से दोस्ती और सम्मान के चलते उनके अनुरोध पर प्रभावी रूप से तत्काल हमने अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति जताई है. इसके तहत अमेरिका टैरिफ़ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट