ताजा खबर
बिलासपुर के 9 खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक, नेपाल प्रतियोगिता के लिए चयन
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 2 फरवरी। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो मंच पर शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है। 31 जनवरी और 1 फरवरी 2026 को जयपुर के मां अंजनी नगर, सिरसा रोड स्थित परिसर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय चयन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में बिलासपुर जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।
दो दिवसीय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बिलासपुर जिले से कुल 11 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से 9 खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस शानदार उपलब्धि के साथ छत्तीसगढ़ टीम ने कुल 9 गोल्ड मेडल हासिल कर प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर स्वर्ण पदक विजेता सभी 9 खिलाड़ियों का चयन आगामी अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जो नेपाल में आयोजित होगी। चयनित खिलाड़ी वहां भारत और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतने के लक्ष्य के साथ कड़ी मेहनत में जुटेंगे।
इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए मास्टर गणेश सागर ने बताया कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे निरंतर अभ्यास, अनुशासन और प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन प्रमुख कारण रहा। उन्होंने विश्वास जताया कि नेपाल में होने वाली प्रतियोगिता में भी खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करेंगे।
बिलासपुर और छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमियों में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है। खिलाड़ियों की इस सफलता को राज्य में ताइक्वांडो खेल के बढ़ते स्तर और उज्ज्वल भविष्य का संकेत माना जा रहा है।


