ताजा खबर
राजिम के दुधकैयां गांव की घटना, भारी पुलिस बल तैनात
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम/गरियाबंद, 2 फरवरी। राजिम के निकट दुधकैयां गांव में एक मामले में जमानत पर रिहा हुए तीन आरोपियों द्वारा कथित तौर पर कुछ स्थानीय लोगों पर हमला किए जाने के बाद रविवार को दो समुदायों के लोगों के बीच हिंसा भडक़ गई। इस दौरान तोडफ़ोड़, पथराव, और तीन घरों में आग लगा दिए गए। घटना में आधा दर्जन पुलिसकर्मी जख्मी भी हुए। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। इनमें कुछ परिवार रायपुर लाए गए हैं।
सोमवार को सुबह भी पुलिस ने मार्च भी किया। गांव में अभी तनाव कायम है।
राजिम से करीब दस किमी दूर फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के दुधकैयां गांव रविवार शाम हुई झड़पों के दौरान ग्रामीणों के पथराव में छह पुलिसकर्मियों को चोटें आई।
पुलिस के अनुसार, करीब एक साल पहले गांव के एक मंदिर में कथित तौर पर मूर्ति तोडऩे के मामले में आरिफ समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। जमानत पर रिहा होने के बाद ये लोग ग्रामीणों को कथित तौर पर धमका रहे थे और मंदिर मामले से जुड़े गवाहों को परेशान कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह आरिफ और दो अन्य आरोपियों ने कथित तौर पर चार से छह युवकों पर पुलिस से शिकायत करने का आरोप लगाते हुए रॉड से हमला किया जिसके बाद दो समुदायों के बीच हिंसा भडक़ उठी।
गरियाबंद पुलिस ने बताया कि कथित हमलों के बाद दुतकैयां गांव और आसपास के दो गांवों में तनाव काफी बढ़ गया।
उन्होंने बताया कि घटना से आक्रोशित कुछ स्थानीय लोगों ने आरोपियों के घरों का घेराव किया और उनमें आग लगा दी। हिंसा फैलने पर कुछ वाहनों में आगजनी की गई और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया। इस दौरान पांच से छह पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘ग्रामीणों पर हमला करने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ तीन मामले दर्ज किए गए हैं।’
उन्होंने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने और शांति बहाल करने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि राजिम कुंभ कल्प की रविवार को शुरुआत हुई है, और इस वजह से आसपास सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी -सीएम साय
राजिम में दो संप्रदायों के बीच हुए हिंसक झड़पों को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है। घटना में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


